चरित्र शंका में पत्नी की हत्या: मरते दम तक पति ने पत्थरों से किया वार

धार, अग्निपथ। जिले के ग्राम टोल में शनिवार देर रात दंपत्ति के बीच में हुई कहासुनी के बाद पति ने पत्नी की हत्या कर दी है। आरोपी पति पत्नी के चरित्र पर शंका करते हुए आए दिन विवाद और मारपीट करता था। इसी तरह के विवाद में शनिवार रात आरोपी ने पत्थर से पत्नी पर जानलेवा हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के अनुसार बाग थाना अंतर्गत ग्राम टोल में सुखलाल पिता नानका का घर खेत पर बनी टापरी में हैं। यहां पर सुखलाल पत्नी ताराबाई (30) व दो बच्चों के साथ रहता है। महिला के भाई दशरथ मंडलोई ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह सरपंच ने फोन कर बहन का शव घर में पड़े होने के बारे में जानकारी दी थी। ताराबाई का वर्ष 2015 में सुखलाल से विवाह हुआ था। शादी के कुछ माह बाद से ही बहन ताराबाई को आरोपी परेशान करता था। इस बात की जानकारी महिला ने कई मर्तबा अपने मायके पक्ष के लोगों को दी थी।

रात्रि करीब 2:30 बजे सुखलाल ने चरित्र शंका की बात को लेकर विवाद के दौरान बड़े पत्थर से महिला के साथ मारपीट की, जिसमें महिला को सिर, गले, घुटने सहित पीठ पर गंभीर चोट आई थी। इसी कारण महिला की रात में ही मौत हो गई, हत्या के दौरान दोनों छोटे बच्चें घर पर ही मौजूद थे। इधर सुबह पहुंची पुलिस टीम ने घटना को लेकर ग्रामीणों से चर्चा की। साथ ही शव को पीएम के लिए बाग के अस्पताल भेजा, जहां पर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

वहीं पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरु की तथा मृत महिला ताराबाई के भाई द्वारा बताई घटना के अनुसार दशरथ की रिपोर्ट पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या सहित अन्य धारा में प्रकरण दर्ज किया है।

एफएसएल टीम की जांच के बाद हत्या के मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी दिलीप सिंह बिलवाल के मार्गदर्शन में आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए चौकी प्रभारी जयपाल सिंह बिल्लौरे को लेकर एक टीम गठित की गई है। पुलिस अब आरोपी की क्षेत्र में ही तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्यार किसी और से शादी किसी ओर से, दोनों ने लगाया रैप का आरोप

Sun Nov 27 , 2022
सहित सहयोगी पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर धार, अग्निपथ। जिले के नालछा थाने में एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक को दो-दो युवतियों को इश्क लड़ाना महंगा पड़ गया। युवक अपनी एक प्रेमिका के साथ लिव इन में रह रहा था। इस बीच उसने दूसरी युवती […]