जेल में दोस्ती हुई, छूटते ही करने लगे वारदात डकैती की योजना बनाते पकड़ाए आरोपी रिमांड पर

उज्जैन,अग्निपथ। डकैती की योजना बनाते चोरी की बाइक व हथियार के साथ पकड़ाए पांचों बदमाशोंं को जीवाजीगंज पुलिस ने गुरुवार को दो दिन के रिमांड पर लिया है। जेल में दोस्ती के बाद छूटते ही वारदात करने लगे बदमाशों से झारखंड की महिला का चोरी गया माल भी बरामद किया है। आरोपियों में ताल से दुष्कर्म मामले में तीन साल से फरार बदमाश भी शामिल हैं। मामले में पुलिस को एक और अपराधी की तलाश है।

राम जर्नादन मंदिर स्थित चित्रगुप्त मार्ग से मंगलवार रात तिलकेश्वर कॉलोनी निवासी करण उर्फ भूरा, सूरज, बलाईवाड़ा का सचिन उर्फ अप्पू खोटा, कमल कॉलोनी के राहुल, रतलाम स्थित डेलनवास का महेश व गोंसा दरवाजा का पप्पू परसिया डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस ने दबिश दी तो पप्पू फरार हो गया, लेकिन पांचों बदमाश चाकू, तलवार, पिस्टल, कारतूस व एक खिलोना पिस्टल के साथ धरा गए। उनसे माधवनगर क्षेत्र से दो व अन्य स्थान से चुराई तीन बाइक भी मिल गई। महेश व सचिन ने 27 जनवरी को झारखंड निवासी नेहा अग्रवाल का ई-रिक्शा से पर्स चुराना भी कबूल लिया। उससे पर्स के साथ सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश किया, जहां से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ के लिए 6 जनवरी तक रिमांड पर ले लिया।

मर्डर में जेल काटी, दुष्कर्म में फरार

टीआई महेश मिश्र ने बताया महेश व अप्पू को तीन साल पहले कार्तिक मेले में हत्या के मामले में गिरफ्तार किया था। अप्पू नाबालिग होने पर छूट गया था, लेकिन महेश जेल में ही रहा। इस घटना के बाद महेश का भाई ताल में किशोरी का अपहरण कर दुष्कर्म केस में पकड़ाया। प्रकरण में महेश का नाम भी आया, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई, जबकि वह यहां बंद था। सूचना दे दी है रतलाम पुलिस जल्द ही आएगी।

जेल में वारदात की योजना

पुलिस के मुताबिक जेल में करण व राहुल की महेश से दोस्ती हुई। तीनों ने बाहर निकलकर वारदात करना तय किया। 12 जनवरी को महेश छूटा तो करण व राहुल के साथ ही सचिन, सूरज व पप्पू भी साथ हो गए। तीनों ने मोटर साइकिलें चुराकर हथियार जुटाए और बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे थे कि गिरफ्त में आ गए। पांचों से अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।

टीम को 10 हजार इनाम

एएसपी अमरेंद्रसिंह ने बताया कि बदमाशों को पकडऩे में टीआई मिश्र, एसआई प्रमोद भदौरिया, नेहा जादौन, आरक्षक मनीष, रविंद्र, चैनसिंह व राजवीर की मुख्य भूमिका रही हैं। एसपी की ओर से टीम को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

तापी कंपनी के खिलाफ ठेकेदार व कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, एक साल से भुगतान नहीं करने का आरोप

Thu Feb 4 , 2021
उज्जैन,अग्निपथ। शहर में पेयजल पाइप लाइन डालने वाली तापी कंपनी के खिलाफ गुरुवार को एक दर्जन कर्मचारी व पेटी कांट्रेक्टर थाने और नगर निगम पहुंचे। आरोप लगाया कि कंपनी ने एक साल से भुगतान नहीं किया है। करीब 80 लाख रुपए बाकी होने पर कंपनी बात तक करने को तैयार […]