डबरी में डूबने से 3 दोस्तों की मौत, गांव में छाया मातम

मतानाकलां में हादसा: दो साथियों ने गांव वालों को बताई घटना, अस्पताल में लगी भीड़

उज्जैन, अग्निपथ। नरवर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर 3 दोस्त रेलवे क्रासिंग के पास डबरी में नहाते समय डूब गये। दो साथियों ने गांव वालों को घटना बताई तो तीनों को तलाश कर बाहर निकाला गया। जिला अस्पताल में तीनों को मृत घोषित करने पर भीड़ लग गई थी। गांव में मातम छा गया था।

ग्राम मतानाकलां में रहने वाले अयान पिता अजमेरी शाह (15), रेहान पिता इरशाद पटेल (15) और अमन पिता इकबाल लौहार (14) अपने 2 दोस्तों के साथ दोपहर 1 बजे के लगभग गांव से दूर रेलवे क्रासिंग के पास बनी डबरी में नहाने पहुंचे थे। पांचों दोस्त नहा रहे थे उसी दौरान अयान गहराई में चला गया। उसे डूबता देख रेहान और अमन बचाने पहुंचे लेकिन दोनों भी डूब गये। 2 दोस्तों ने हादसा देखा तो गांव वालों को सूचना दी। परिजन और ग्रामीण डबरी पर पहुंची और तीनों की तलाश शुरु कराई गई। ढाई बजे के लगभग तीनों को बहार निकाला गया और जिला अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही खबर मतानाकलां पहुंची पूरे गांव में मातम छा गया। अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस ने तीनों को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपे है।

थाना प्रभारी और तहसीलदार पहुंचे

नाबालिग दोस्तों के डूबने की खबर मिलने पर नरवर थाना प्रभारी केके तिवारी टीम के साथ मौके पर पहुंच गये थे। नायाब तहसीलदार सपना शर्मा भी जानकारी मिलने पर पहुंची थी। डबरी के आसपास गांव वालों की भीड़ लगी थी। कुछ ग्रामीण तालाश में लगे थे। पुलिस ने डूबने वाले स्थाना का पता लगाने के बाद उस स्थान के आसपास तलाश शुरु कराई तो एक के बाद एक तीनों के शव मिल गये। थाना प्रभारी ने बताया कि पिछले दिनों हुई बारिश के बाद डबरी में पानी बढ़ गया था। तीनों को गहराई का अंदेशा नहीं होने पर हादसा हुआ है।

देर शाम किया सुपुर्दे खाक

तीनों दोस्त मुस्लिम समुदाय से थे। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे थे, जहां देर शाम तीनों का जनाजा एक साथ कब्रिस्तान पहुंचा, जहां गांव वालों ने सुपुर्दे खाक की प्रक्रिया को पूरा किया। तीनों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। जिन्हे ग्रामीणों ने दिलासा देकर बमुश्किल चुप कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

किशोरी को शादी का झांसा देकर किया था दुष्कर्म, 20 साल की सजा

Wed Jun 15 , 2022
उज्जैन,अग्निपथ। बडऩगर कोर्ट ने अपहरण और दुष्कर्म के एक केस में बुधवार को फैसला सुनाया। न्यायालय ने करीब दो साल पहले किशोरी को शादी का झांसा देकर शिकार बनाने वाले को 20 साल कारावास की सजा सुनाई है। बडऩगर निवासी किशोरी को मोहित पिता सुरेश ने प्यार के जाल में […]