तक्षशिला की मान्यता रद्द, स्कूल ने अभिभावकों से कहा टीसी ले जाएं

उज्जैन, अग्निपथ। इंदौर रोड़ पर ग्राम डेंडिया में बने तक्षशिला जूनियर कॉलेज पर तालाबंदी हो गई है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) द्वारा स्कूल की मान्यता रद्द कर दिए जाने की वजह से यह स्थिति बनी है। इस स्कूल में फिलहाल जितने भी बच्चें पढ़ रहे हैं, उन सभी के अभिभावकों को स्कूल से ट्रांसफर सर्टिफिकेट(टीसी) ले जाने को कह दिया गया है।

जबकि स्कूल प्रबंधन ने स्कूल बंद होने का कारण मान्यता रद्द हो जाने के बजाए स्कूल में बच्चों की संख्या कम होने की वजह पालकों को बताई है। तक्षशिला जूनियर कॉलेज में नर्सरी से कक्षा 12 वीं तक का अध्ययन होता था। यह स्कूल अक्सर फीस संबंधी विवादों को लेकर चर्चाओं में रहा है। कुछ माह पहले भी यहां फीस सबंधी विवाद को लेकर पालक और स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोग आमने-सामने हो गए थे।

फिलहाल स्कूल में अध्ययनरत सभी बच्चों के पालकों से कहा गया है कि वे अपने बच्चों का एडमिशन किसी अन्य स्कूल में करवा ले। स्कूल बंद करने के पीछे की वजह स्कूल प्रबंधन पर आया आर्थिक बोझ, कोरोना काल में आई तंगी और स्कूल में कम हो चुकी विद्यार्थियों की संख्या को बताया जा रहा है। कुछ अभिभावक तो नए सत्र के लिए यूनिफार्म और कोर्स भी खरीद चुके थे, ऐसे में स्कूल प्रबंधन द्वारा लिया गया फैसला उनके लिए झटका साबित हुआ है।

उज्जैन से चले लेटर ने कराई मान्यता रद्द

तक्षशिला जूनियर कॉलेज के मैनेजमेंट को लेकर कलेक्टर आशीष सिंह के पास कई सारी शिकायतें पहुंची थी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूल की एनओसी रद्द करने और मान्यता रद्द करने की अनुसंशा का पत्र सीबीएसई को भेजने के लिए निर्देशित किया था। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से यह पत्र भोपाल और भोपाल से सीबीएसई नईदिल्ली मुख्यालय पहुंचा। इसी पत्र के आधार पर तक्षशिला जूनियर कॉलेज की मान्यता रद्द कर दी गई। इसके अलावा स्कूल प्रबंधन के लोगों के बीच जारी न्यायालयीन विवाद भी स्कूल में तालाबंदी की वजह बना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

टेढ़ी नजरः खेल सामग्री का खेला, सफेदपोश पर दाग लगा न धेला

Mon Apr 4 , 2022
खेल हर जगह खेल झाबुआ,मेघनगर,थांदला हो या पेटलावद हर जगह का खेल बिगड गया। बेचारे छोटे व्यापारियों व जनशिक्षक, बीआरसी की होली बदरंग कर गया। पाडो की लड़ाई में बागड का नुक़सान,चोरी कर गया दाडी वाला पकडा गया मूंछ वाला। जी हां मुख्यमंत्री के भगोरिया उत्सव में शामिल होने की […]