तेज हवा व बवंडर ने गंगावाड़ी मेले में मचाई तबाही, बिजली गिरने से एक की मौत

महिदपुर, अग्निपथ। मौसम में सोमवार दोपहर बाद अचानक आए बदलाव के कारण धूल भरी आंधी, बवंडर व तेज बारिश के कारण फसलों की नुकसानी के साथ कई मकान व झुग्गी झोपडिय़ों के पतरे, चद्दर व बरसातिया तक उड़ गए। वहीं महिदपुर के प्रसिद्ध गंगावाड़ी मेले में भी बवंडर ने भारी तबाही मचा दी ।देखते ही देखते अनेक दुकानों के तंबू उडक़र दूर चले गए, बांस बल्लिया व टेंट के लोहे के पाइप भी तहस-नहस हो गए और मेले में भगदड़ मच गई। वहीं ग्राम मोचीखेड़ा में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई।

दोपहर 4 बजे के लगभग मौसम ने करवट बदली। देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए। 4:30 बजे तेज हवाएं चलने लगी जो कुछ ही देर में बवंडर के रूप में विकराल रूप धारण कर चारों और तबाही मचा गई। गंगावाड़ी मेले के अंतिम चरण के दिन में ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में आमजनता की मौजूदगी के कारण अच्छा व्यापार चल रहा था कि 10 मिनट के बवंडर के कारण चारों ओर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते अधिकांश दुकानों के टेंट कनात व पाइप हिलोरे खाते हुए धराशायी हो गए।

गनीमत रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वहीं नगरीय क्षेत्र में अनेकों मकानों के चद्दर उड़ गए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी आंधी के साथ तेज बारिश के भी समाचार हैं, जिससे किसानों की गेहूं, चना, राई, धनिया आदि फसलों में भारी नुकसान हुआ है। तेज हवा एवं बारिश के कारण क्षेत्र के अनेक भागों में विद्युत प्रवाह भी बाधित हुआ। समाचार लिखे जाने तक आधे शहर में बिजली बन्द थी।

पेड़ के नीचे गाय बांध रहे युवक पर गिरी बिजली

ग्राम मोचीखेड़ा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से करीब पांच बजे ईश्वर पिता बाबूलाल परमार (38) निवासी टोडी महिदपुर की मौत हो गई। घटना के वक्त ईश्वर पेड़ के नीचे गाय बांध रहा था। तभी पेड़ पर बिजली गिरने से मौत हो गई। उसका शव महिदपुर अस्पताल लाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

ईसाई लडक़े ने हिंदू लडक़ी को सोशल साइट पर फंसाया, शादी के बाद करने लगा प्रताडि़त

Mon Mar 6 , 2023
केस दर्ज धार, अग्निपथ। जिले के निसरपुर में ईसाई लडक़े ने सोशल साइट पर एक हिंदू लडक़ी को फंसाया और उससे शादी की। शादी के बाद उसे हिंदू धर्म का पालन करने पर रोकटोक से शुरू हुई बात प्रताडऩा और मारपीट तक जा पहुंची। प्रताडऩा की हद तो तब हुई […]