दिनदहाड़े बदमाशों ने दो वृद्धाओं के गले से उड़ाये मंगलसूत्र

एक को दिया झांसा, दूसरे के गले से खींचकर भागा

उज्जैन, अग्निपथ। बदमाशों ने मंगलवार को दिनदहाड़े कुछ घंटों में 2 वृद्धाओं के गले से मंगलसूत्र उड़ाने की वारदात को अंजाम दे दिया। एक वारदात थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई। दोनों वारदातों को फुटेज सामने आने के बाद पुलिस सरगर्मी से बदमाशों की तलाश में लगी है।
साड़ी का झांसा देकर ठगा

पहली वारदात कलाल सेरी में रहने वाली इंदिरा पति गोपाल प्रसाद नामदेव (60) के साथ मुसद्दीपुरा में सुबह 12 बजने से पहले हुई। वृद्धा रिश्तेदारी में हुई गमी में शामिल होने के लिये पैदल पिपलीनाका की ओर जा रही थी। मुसद्दीपुरा में एक बदमाश ने उन्हें रोका और कहा कि विधवाओं को साड़ी बंट रही है। आप भी ले लो, लेकिन मंगलसूत्र पहनकर जाओगी साड़ी नहीं मिल पायेगी। उसने वृद्धा से मंगलसूत्र उतारने को कहा।

इंदिरा नामदेव उसकी बातों में आ गई और मंगलसूत्र उतार दिया। बदमाश ने कागज निकाला और मंगलसूत्र पुडिय़ा में बांध कर वृद्धा को थमा दिया। कुछ दूरी पर जाने के बाद शंका होने पर पुडिय़ा खोली तो उसमें पत्थर भरे थे। मामला कोतवाली थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने फुटेज खंगाले बदमाश दिखाई दिया है। जिसकी तलाश शुरू की गई है।

पीछे से आकर खींचा मंगलसूत्र

दूसरी वारदात हरिफाटक ब्रिज के नीचे नीलगंगा थाने के समीप राजीव रत्न कालोनी में रहने वाली साधना पति जगदीश श्रीवास्तव (58) के साथ हुई। वृद्धा वैक्सीन लगाने के बाद केशवनगर के समीप रेलवे पटरी पार कर घर लौट रही थी। उसी दौरान पटरियों से होता हुआ एक नकाब बांधा बदमाश पीछे से आया तो वृद्धा के सामने आकर उसके गले से मंगलसूत्र खींचा, वृद्धा ने मंगलसूत्र पकड़ लिया और बदमाश से बचने का प्रयास करने लगी।

लेकिन बदमाश ने गिरा दिया और मंगलसूत्र खींचकर भाग निकला। यह सब दो महिलाओं ने होता देखा फिर भी बदमाश को रोकने की हिम्मत नहीं कर पाई। नीलगंगा थाना पुलिस को नाक के नीचे हुई वारदात की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची। बदमाश काली पेंट, सफेद शर्ट के साथ सफेद जूते पहना फुटेज में कैद नजर आया। उसने रुमाल से मुंह बांध रखा था। बदमाश पटरियों से होता हुआ महाकाल थाने के सीमा 12 खोली की ओर भागा है।

मंगलसूत्र की कीमत लाखों में

कोतवाली और नीलगंगा क्षेत्र में बदमाशों द्वारा उड़ाये गये दोनों मंगलसूत्र की कीमत 1 लाख से अधिक की होना सामने आई है। मुसद्दीपुरा में हुई वारदात में मंगलसूत्र 40 हजार से अधिक कीमत का बताया गया है। वहीं नीलगंगा में बदमाश द्वारा खींचा गया मंगलसूत्र 60 हजार से अधिक का बताया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से शहर में वारदातों को ग्राफ बढ़ा है। जिसमें चोरी, मोबाइल स्नेचिंग की वारदातें अधिक शामिल हैं।

महावीर बाग में चोरों ने दिया लाखों की वारदात को अंजाम

उज्जैन, अग्निपथ। शाम के समय 2 घंटे के लिये बाजार गये परिवार के घर चोरों ने ताला तोडक़र लाखों के आभूषण और हजारों की नगदी चोरी कर ली। देर रात पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। नानाखेड़ा थाना पुलिस ने बताया कि महावीर बाग में रहने वाले दिलीप मूलचंदानी ढाबा संचालित करते हैं। शाम 7 बजे पत्नी रुपल बच्चों के साथ खरीदारी करने के लिये फ्रीगंज बाजार गई थी। रात 9 बजे घर लौटी तो ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा था और गोदरेज की अलमारी खुली थी। घर में चोरी की जानकारी पति को दी और पुलिस को अवगत कराया। रात में ही पुलिस जांच के लिये पहुंची। इस दौरान सामने आया कि चोरों ने 2 घंटे में 5 लाख कीमत के सोने-चांदी से बने आभूषण और 35 हजार रुपये नगद चोरी किये हैं। पुलिस ने देर रात अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किये हैं। शहर में चोरों की गश्त लगातार सामने आ रही है। सबसे अधिक चोरी की वारदात नानाखेड़ा, नागझिरी और चिमनगंज थाना क्षेत्र की पॉश कालोनियों में हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

प्रतिबंध के बावजूद ओह मॉय गॉड-2 की टीम ने नंदीहाल में की शूटिंग

Tue Oct 26 , 2021
संध्या आरती के बाद हारमोनियम-तबले सहित पहुंचे आर्टिस्ट, आज भस्मारती में भी करेंगे शूटिंग उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति को लगता है कि तगड़ी खातिरदारी करने के निर्देश वल्लभ भवन से दिए गए हैं। तभी तो मंदिर की जिन जगहों पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री तक को जाने की इजाजत […]
OMG-2 Banner

Breaking News