पाटीदार हॉस्पीटल आगजनी: मरीजों की मौत मामले में बढ़ सकती है धारा

patidar hospital ward

पुलिस को डीपीओ के अभिमत का इंतजार, लेकिन डायरी भेजी ही नहीं

उज्जैन,अग्निपथ। पाटीदार हॉस्पीटल आगजनी में झुलसे चार मरीजों की मौत के मामले में पुलिस डीपीओ (जिला लोक अभियोजक अधिकारी) की राय के बाद धारा बढ़ाने का दावा कर रही है। लेकिन खास बात यह है कि रविवार तक माधवनगर पुलिस ने डीपीओ के पास डायरी ही नहीं पहुंचाई।

सर्वविदित है घासमंडी ब्रिज के पास स्थित पाटीदार हॉस्पीटल एंड रिसर्च सेंटर में 4 अप्रैल को आग लग गई थी। घटना में आईसोलेशन वार्ड में भर्ती तीन महिला सहित चार मरीज झुलस गए थे। मामले में जांच कमेटी की रिपोर्ट व एक महिला मरीज की मौत के बाद पुलिस ने पांच संचालकों पर दो केस दर्ज किए थे, लेकिन प्रकरण जमानतीय धाराओं में होने पर शिकायतों का दौर चल रहा था। बाद में तीन और मरीजों ने बारी-बारी से दम तोड़ दिया था। लगातार मौत के बाद पुलिस ने प्रकरणों में धारा बढ़ाने का दावा किया था। रविवार को इस संबंध में टीआई मनीष लोधा ने डीपीओ के अभिमत के बाद धारा बढ़ाने का कहा, लेकिन डीपीओ के पास अब तक केस डायरी ही नहीं पहुंची तो वह अपनी राय कैसे देंगे और धाराएं कैसे बढ़ेंगी। इस लेतलाली को देखकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। याद रहे आगजनी के दौरान हॉस्पीटल में कोरोना के 11 सहित 83 मरीज भर्ती थे।

घटना एक नजर में

4 अप्रैल : हॉस्पीटल में आग लगी, जांच के आदेश।
5-अप्रैल: जांच दल ने कलेक्टर को रिपोर्ट सौंपी।
6 -अप्रैल: झुलसी सावित्रीबाई की इंदौर में मौत।
7-अप्रैल:कन्हैयालाल चौरसिया की मौत, दो केस दर्ज।
8 अप्रैल: सेवानिवृत प्रिंसीपल नीलबेन पटेल ने दम तोड़ा।
9-अप्रैल: मिर्चीनाला निवासी गाजीबाई की मौत हुई।

कलेक्टर के आदेश पर हुआ केस दर्ज

याद रहे आगजनी कांड के बाद कलेक्टर आशीषसिंह ने चार सदस्यीय कमेटी बनाई थी। दल से 24 घंटे में रिपोर्ट मिलने के बाद कलेक्टर के आदेश पर तहसीलदार अभिषेक शर्मा की रिपोर्ट पर लापरवाही का केस और मृतक सावित्रीबाई के पुत्र की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया था। बाद में तीन मौत होने पर भी उनके परिजनों ने भी आवेदन दिए थे।

इनका कहना है..

डीपीओ से अभिमत मांगा है, उनकी राय के बाद केस में धाराएं बढ़ाई जाएंगी-मनीष लौधा, टीआई माधवनगर

अभी केस की डायरी नहीं मिली है। प्रकरण के अवलोकन के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। -राजकुमार नेमा, डीपीओ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खबरों के उस पार: रोज कमाने वालों का क्या होगा...!

Sun Apr 11 , 2021
शहर के जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शहर को एक बार फिर लॉकडाउन की ओर धकेल दिया है। शहर में एक बार फिर 10 दिन का लॉकडाउन लग चुका है। इस लाकडाउन का सीधा-सीधा असर रोज कमाने वाले गरीब आदमी पर पडऩा है। साथ ही साथ इसका सीधा-सीधा असर उच्च […]