प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 5 हजार बुजुर्ग जाएंगे तीर्थयात्रा पर

अयोध्या, वैष्णोदेवी, तिरुपति, रामेश्वरम और द्वारका की करेंगे यात्रा

उज्जैन, अग्निपथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर मध्यप्रदेश से ट्रेनों के जरिए 5 हजार बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। बुजुर्ग अयोध्या, वैष्णोदेवी, तिरुपति, रामेश्वरम् और द्वारका-सोमनाथ की यात्रा करेंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन का आज 9 सितंबर आखिरी दिन है। 17 सितंबर को डॉ. अंबेडकर नगर महू (इंदौर), भिंड, रीवा, बुरहानपुर और बालाघाट से यात्रा रवाना होंगी, जो 22-23 सितंबर को वापस लौटेंगी।

इधर, संस्कृति पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को हवाई जहाज से तीर्थ दर्शन कराने की भी बात कही है। सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 1 जनवरी 2023 से हवाई मार्ग से तीर्थयात्रा कराने की दिशा में काम कर रही है। वहीं, 1 नवंबर को मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर भी पांच नई ट्रेनें चलाई जाएंगी।

आज होंगे रजिस्ट्रेशन

तीर्थदर्शन यात्रा एक ही दिन 17 सितंबर को रवाना होंगी। अयोध्या-वाराणसी (काशी) के लिए भिंड से, रामेश्वर के लिए महू इंदौर से, तिरूपति के लिए रीवा से, वैष्णोदेवी के लिए बुरहानपुर से और द्वारका-सोमनाथ के लिए बालाघाट से यात्रा जाएगी। सबकी रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 9 सितंबर है।

कहां करेंगे आवेदन

यात्रा पर 60 वर्ष या इससे अधिक उम्र के बुजुर्ग जा सकेंगे। जिस जगह से ट्रेन रवाना होंगी, वापसी वही होगी। यात्री एक से ज्यादा यात्रा के लिए आवेदन तो कर सकते हैं, लेकिन यात्रा एक ही होगी। आवेदन तहसील, स्थानीय निकाय, जनपद या कलेक्टर कार्यालय में जमा कराए जा सकेंगे।

ये रहेगी व्यवस्था

यात्रा के दौरान यात्रियों को भोजन, नाश्ता, चाय और पानी की व्यवस्था आईआरसीटीसी करेगा। यात्रियों के रुकने की व्यवस्था, उन्हें तीर्थ स्थल तक बसों से लाने ले जाने भी आईआरसीटीसी के जिम्मे होगी। यात्रियों को तुलसी माला और स्मृति चिह्न भी दिए जाएंगे। यात्रा के दौरान भजन संध्या भी होंगी। डॉक्टर, सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी यात्रा के साथ में रहेंगे।

यह सामान साथ रखें यात्री

मौसम के अनुसार कपड़े, कंबल, चादर, तौलिया, सातुन, कंघा, सेविंग किट। ओरिजनल आधार कार्ड, वोटर आईडी और कोविड वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट की कॉपी जरूर रखें।

कब कहां से रवाना होगी यात्रा

  • अयोध्या-वाराणसी यात्रा 17 से 22 सितंबर तक रहेगी। इसमें भिंड के 300, ग्वालियर के 350 और दतिया के 325 यात्री शामिल रहेंगे।
  • रामेश्वरम् के लिए यात्रा महू इंदौर से रवाना होगी। इसमें इंदौर के 400, देवास के 275 और उज्जैन के 300 यात्री रहेंगे।
  • तिरूपति की यात्रा रीवा, सतना और जबलपुर के बुजुर्ग करेंगे। रीवा के 350, सतना के 300 और जबलपुर के 325 यात्री शामिल रहेंगे।
  • वैष्णोदेवी के लिए यात्रा बुरहानपुर से यात्रा शुरू होगी। बुरहानपुर के 350, खंडवा के 300 और हरदा के 325 यात्री शामिल होंगे।
  • द्वारका-सोमनाथ की यात्रा 17 से 23 सितंबर के बीच रहेगी। इसमें बालाघाट के 350, छिंदवाड़ा के 300 और बैतूल के 325 यात्री रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महाकाल मंदिर: एक सप्ताह में सहायक प्रोटोकाल अधिकारी का फिर से स्थानांतरण

Thu Sep 8 , 2022
महापौर का राउंड पड़ा भारी, कभी- कभी दूसरों की गलती का खामियाजा भी भुगतना पड़ता है उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकाल मंदिर के प्रोटोकाल कार्यालय में बुधवार को हुए महापौर के दौरे ने सहायक प्रोटोकाल अधिकारी का स्थानांतरण करवा दिया। मंदिर प्रशासन ने उसका सुबह की शिफ्ट से दोपहर […]
महाकालेश्वर मंदिर shikhar