फ्रीगंज में बदमाश को गोली मारी, घायल बाइक से दो किमी भागा और दरगाह चौराहे पर गिर गया

नाबालिग वारदात कर दोस्त के साथ फरार, एक बाइक व जिंदा कारतूस मिला

उज्जैन,अग्निपथ। फ्रीगंज में शुक्रवार शाम रंजिश के चलते बाइक एक युवक को गोली मार दी गई। वारदात रंजिश के चलते एक नाबालिग ने दोस्त के साथ की है। घटना में घायल युवक चिमनगंज मंडी तक बाइक से भागने के बाद गिर पड़ा। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर होने पर इंदौर रैफर कर दिया। सनसनीखेज वारदात में माधवनगर पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।

नानाखेड़ा स्थित कीर्ति नगर निवासी लोकेश उर्फ काजू पिता रामचंद्र परिहार (21) शुक्रवार शाम करीब 6.30 बजे बाइक से जा रहा था। इसी दौरान एपीएम चेंबर के पास बाइक से राजीव नगर निवासी आयुष उर्फ बच्चा अपने दोस्त के साथ बाइक से आया और 7.65 एमएम की पिस्टल से उस पर गोली चला दी। आरोपियों ने एक मिस फायर होने पर दूसरी गोली दागी जो काजू के पेट में लगी। हमले के बाद दोनों आरोपी भाग गए। घायल लोकेश भी बाइक से घासमंडी ब्रिज होता हुआ चिमनगंज कृषि उपज मंडी के सामने तक पहुंचा और गिर पड़ा। सूचना मिलते ही चिमनगंज थाने के एसआई यादवेंद्र परिहार व आरक्षक आशुतोष उसे जिला अस्पताल ले गए। यहां आपरेशन के बाद भी हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे इंदौर रैफर कर दिया।

दिन-दहाड़े घटना से फैली सनसनी

लॉक डाउन शुरू होने पर माधवनगर पुलिस क्षेत्र की दुकानें बंद करवा रही थी। इसी दौरान थाने से कुछ ही दूरी पर गोली चलने से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। तुरंत ही एएसपी डॉ. रवींद्र वर्मा, सीएसपी हेमलता अग्रवाल, टीआई मनीष लौधा और एसआई महेंद्र मकाश्रे ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर एक बाइक व एक जिंदा कारतूस जब्त किया। बाद मेें सभी अस्पताल पहुंच गए।

दो साल पुरानी रंजिश में हमला

थाना प्रभारी लोधा ने अस्पताल में लोकेश से पूछताछ की। पहले वह टालता रहा। फिर बताया हमलावर का नाम बताया। इस दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि लोकेश व आयुष का करीब दो वर्ष पूर्व विवाद हुआ था, जिसके चलते लोकेश ने आयुष व उसके पिता पर चाकू से हमला किया था। नानाखेड़ा टीआई ओपी अहीर ने बताया लोकेश पर भी तीन केस दर्ज है।

लोकेश गुहार लगाता रहा, लोग वीडियो बनाते रहे

घायल हालत में भागा लोकेश मंडी गेट के सामने गिर पड़ा। उसे लहूलुहान देख भीड़ लगने पर उसने गोली लगने और बाइक कुछ ही दूर पड़ी होने का हवाला देते हुए उसे अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई, लेकिन लोग पैर से उसका वीडियो बनाते रहे। हालांकि इसी दौरान सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई।

इनका कहना

पुरानी रंजिश में युवक को गोली मारी गई है। आरोपियों को तलाश कर रहे है।
सत्येंद्र कुमार शुक्ल, पुलिस अधीक्षक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कितना लाचार हो गए हैं इमरान? उतनी 'असरदार' भी नहीं चीनी वैक्सीन फिर भी पाक ने दे दी मंजूरी

Sat Apr 10 , 2021
नई दिल्ली। कोरोना की मार झेल रहे पाकिस्तान के पास अब कोई रास्ता नहीं है तो वह कम असरदार वैक्सीन का इस्तेमाल करके अपने देश के लोगों का टीकाकरण करने की स्थिति में आ गया है। बता दें कि पाकिस्तान ने कम एफेशेंसी होने के बावजूद भी तीसरे चीनी वैक्सीन […]