बालिका की मौत: रहवासियों ने किया चक्काजाम, बिजली के खंभे में था करंट, कई बार की थी शिकायत

उज्जैन, अग्निपथ। बिजली के खंभे में आ रहे करंट से रविवार रात बालिका की मौत हो गई थी। सोमवार को अंतिम संस्कार के बाद रहवासियों ने बिजली विभाग की लापरवाही को देखते हुए चक्काजाम कर दिया। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बिजली विभाग के कर्मचारियों को बुलाया गया।

जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के जूना सोमवारिया में रहने वाली 14 वर्षीय गंगा पिता भरत रविवार रात को सामान लेने के लिये समीप की दुकान जा रही थी। उस दौरान सडक़ किनारे लगे बिजली के खंभे को उसने छू लिया। जिसमें करंट फैल रहा था, गंगा बिजली के खंभे से चिपक गई। उसे लोगों ने लकड़ी डंडों की मदद लेकर पोल से दूर किया, लेकिन बालिका की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मामले में मर्ग कायम किया और सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान सामने आया कि बालिका के पिता की पूर्व में मौत हो चुकी है। परिवार काफी गरीब है। चार भाई बहनों में तीसरे नंबर की गंगा अपनी मां के साथ घरों में काम करने के लिये जाती थी।

वहीं रहवासियों का कहना था कि खंभे में काफी समय से करंट आ रहा है। जिसकी शिकायत बिजली विभाग को की जा चुकी थी। पूर्व में 2 गायों को भी करंट लग चुका है। बिजली विभाग की लापरवाही से गंगा की जान गई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिये सौंपा।

दोपहर में चक्रतीर्थ से आने के बाद रहवासियों और परिजनों ने घटनास्थल पर चक्काजाम कर दिया। जानकारी लगते ही टीआई गगन बादल अपनी टीम के साथ पहुंचे और रहवासियों को समझाया। उन्होंने तत्काल ही बिजली विभाग को मौके पर बुलाया और संधारण कार्य शुरू कराया। रहवासियों का कहना था कि बालिका के परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाए। बिजली बिजली विभाग ने देर शाम तक संधारण कार्य कर पोल पर फायबर की रेपिंग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

ओपन बुक परीक्षा सामग्री विधायक कार्यालय पर उपलब्ध होगी

Mon Jun 28 , 2021
नागदा जं.। शासकीय महाविद्यालयों की फायनल कक्षाओं की होने वाली ओपन बुक परीक्षाओं के विक्रम युनिवर्सिटी द्वारा जारी प्रश्न-पत्र एवं लिखने के लिये उत्तर पुस्तिकाओं एवं प्रवेश-पत्र का नि:शुल्क वितरण विधायक दिलीपसिंह जी गुर्जर के नागदा एवं खाचरौद कार्यालयों में किया जाएगा। नागदा-खाचरौद कार्यालय पर उपलब्ध होगी सामग्री-श्री गुर्जर ने […]