भगवान महाकाल की शाही सवारी आज, रामघाट पर ज्योतिरादित्य करेंगे पूजन

सप्तधान मुखारविंद और घटाटोप के होंगे दर्शन,

वंदनवारों और छतरियों से सजाया मार्ग,

इवेंट मैनेजमेंट करेगा आकर्षक पायरो आतिशबाजी

उज्जैन, अग्निपथ। भादौ मास के तीसरे सोमवार को आज भगवान महाकाल की आखिरी सवारी शाही सवारी के रूप में निकाली जाएगी। शाही सवारी में आज रामघाट पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी शामिल होकर परंपरा का निर्वहन करेंगे। शाही सवारी निकाले जाने को लेकर मंदिर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मार्ग को आकर्षक छतरियों और वंदनवारों से सजाया गया है। मंदिर परिसर में भगवान शिव की आकर्षक मुखौटे रखे गए हैं।

शाही सवारी के मौके पर उदघोषक, सलामी गार्ड और तोपची, पुलिस बैंड, नगाड़ों की थाप, शहनाई की गूंज के साथ शाही सवारी निकाली जाएगी। पुजारी, पुरोहित गण अधिकारी सवारी के साथ चलेंगे। भगवान महाकाल की सातवीं और शाही सवारी धूमधाम के साथ छोटे परिवर्तित मार्ग से निकाली जाएगी। शाही सवारी को मद्देनजर रखते हुए जगह-जगह तैयारी के साथ सजावट शुरू कर दी गई है। सवारी मार्ग को आकर्षक बनाने के लिए सजावट की तैयारी शुरू कर दी गई है। मंदिर परिसर को भी फूलों के वंदनवार से सजाया जा रहा है। भगवान महाकाल के नगर भ्रमण के दौरान संपूर्ण सवारी मार्ग में फूलों व रंगों से रंगोलियां, जगह जगह पर आतिशबाजी, रंग-बिरंगे छतरियों से सजाया जा रहा है। जगह-जगह पर आधुनिक तकनीकी के माध्यम से आतिशबाजी, रंग बिरंगे ध्वज छतरियों आदि से सजाया जा रहा है। जगह जगह पर आधुनिक तकनीक पायरो के माध्यम से आतिशबाजी की जाएगी।

सत्प्तधान मुखारविंद व घटाटोप स्वरूप भी दिखेगा
पूर्व की सवारियों में परंपरा अनुसार एक एक भगवान महाकाल का मुखौटा बढ़ाया जाना था, लेकिन कोरोना संक्रमण के चलते ऐसा नहीं किया गया। लेकिन आज शाही सवारी निकाली जाना है लिहाजा सवारी में सप्तधान मुखारविंद भगवान महाकाल के दिखाई देंगे। जिसमें श्री मनमहेश हाथी पर, श्री शिव तांडव, श्री उमा महेश, श्री घटा टोप, श्री सप्तधान मुखारविंद व श्री होलकर स्टेट का मुखारविंद बैलगाड़ी पर विराजित होकर भक्तों को दर्शन देगा।

परिवर्तित मार्ग से ही निकलेगी
संत महंतों ने परंपरागत बड़े मार्ग से सवारी निकाले जाने को लेकर बैठक कर निर्णय लिया था। लेकिन जिला प्रशासन ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए शाही सवारी भी छोटे और परिवर्तित मार्ग से निकालने का निर्णय लिया है। लिहाजा सवारी महाकाल मंदिर से होकर बड़ा गणेश, हरसिद्धि मंदिर, रामघाट, हरसिद्धि की पाल, हरसिद्धि मंदिर होते हुए बड़ा गणेश से महाकालेश्वर मंदिर में प्रवेश करेगी।

ज्योतिरादित्य सीधे पहुंचेंगे रामघाट
जिला प्रशासन के पास केन्द्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का शेड्यूल आ गया है, जिसमें वह शाम 4.30 बजे रामघाट पहुंचेंगे। यहां पर वह भगवान महाकाल के मुखारविंद का अभिषेक पूजन करेंगे। ज्योतिरादित्य के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन पूजन की विशेष व्यवस्था कर रहा है। रामघाट पर लोगों की भीड़ कम रखने की ओर प्रशासन का अधिक ध्यान रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जीवाजीगंज क्षेत्र के बदमाशों से चार चोरी का खुलासा, लाखों का माल बरामद

Sun Sep 5 , 2021
सामाजिक संगठन का पदाधिकारी निकला सरगना, इंदौर में छिपाता था चोरों को उज्जैन,अग्निपथ। शहर में हुई चार बड़ी चोरी का जल्द खुलासा हो सकता है। मामलों में सायबर सेल व चिमनगंज ने जीवाजीगंज क्षेत्र के नाबालिग सहित चार बदमाशों को पकड़कर लाखों का माल बरामद किया है। खास बात यह […]