मंगलनाथ मंदिर में देव प्रतिमाओं से छेड़छाड़

मूर्ति से छेड़छाड़ करने वाला सीसीटीवी कैमरे की पकड़ में आ गया।

उज्जैन, अग्निपथ। मंगलनाथ मंदिर में किसी सिरफिरे ने देव प्रतिमाओं से छेड़छाड़ की है। यह घटना शनिवार की देररात मंगलनाथ मंदिर में हुई। यहां मौजूद प्राचीन प्रतिमाओं में से पृथ्वीमाता, शीतला माता की प्रतिमाएं तथा पंचपरमेश्वर महादेव के शिवलिंग के साथ छेड़छाड़ की गई। सुबह जब पुजारियों ने इस घटना को देखा तो नाराजगी व्यक्त करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना दी।

विश्व प्रसिद्ध मंगलनाथ मंदिर को मंगल ग्रह का उत्पत्ति स्थल माना जाता है। कर्क रेखा पर स्थित इस विश्व प्रसिद्ध मंदिर में भुवनेश्वरी (पृथ्वीमाता), शीतला माता की प्रतिमाओं को अर्धविक्षिप्त ने अपने नाखूनों से नौंचा, वहीं पंच परमेश्वर महादेव शिवलिंग पर गंदगी फैला दी। ये घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

रविवार सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो उन्होंन मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ होने की घटना के बारे में प्रबंधक कृष्णकुमार पाठक को फोन पर सूचना दी। उन्होंने तत्काल फोन एसडीएम संजीव साहू को लगाया और इस घटना की जानकारी दी। दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा फौरन अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई।

बाद में सीसीटीवी फुटेज भी देखे, जिसमें रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर एक पीली शर्ट पहने व्यक्ति नजर आया, जो इन प्रतिमाओं को नाखूनों से कुरेद रहा था। प्रथम दृष्टया उसे मानसिक विक्षिप्त ही माना जा रहा है। पुलिस जांच करने में जुटी है। मंदिर प्रबंधक पाठक व एसडीएम साहू ने चिमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।

घटना से पुजारियों में आक्रोश

मंगलनाथ मंदिर विश्व प्रसिद्ध है। देश-विदेश और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां आकर भातपूजा और मंगल दोष निवारण की पूजा कराने आते हैं। वर्षभर यहां श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला लगा रहता है। ऐसे मंदिर में इस तरह की घटना से आस्था आहत होती है, इसलिए घटना को लेकर पुजारियों ने भी आक्रोश व्यक्त किया है।

पीछे के रास्ते चैनल गेट से आया

प्रबंधक पाठक से जब इस संबंध में चर्चा की तो उन्होंने कहा कि यह विक्षिप्त व्यक्ति मंदिर के पीछे वाले रास्ते से अंदर आया है। यहां अक्सर पुजारीगण आते-जाते रहते हैं। इसलिए बार-बार ताला नहीं लगाते, रात को भी ताला नहीं लगाया था, इसलिए यह व्यक्ति अंदर आ गया और इस तरह की घटना हो गई। लेकिन अब मुस्तैदी के साथ चैनल गेट पर ताला लगाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

दुनिया के अनेक देश कटिबद्ध हुए हैं बच्चों की गुलामी और मजदूरी को समाप्त करने के लिए -सत्यार्थी

Sun Apr 3 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। विक्रम विश्वविद्यालय स्वर्ण जयंती सभागार में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ समाजसेवी एवं चिंतक कैलाश सत्यार्थी, नई दिल्ली का विशिष्ट व्याख्यान हुआ। इस सत्र की अध्यक्षता डॉक्टर अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलाधिपति डॉ प्रकाश बरतूनिया ने की। सारस्वत अतिथि विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो अखिलेश कुमार […]