मंदिर विस्तार के लिए तोड़े गए 11 मकान; बेगमबाग इलाके में फिर से चली अतिक्रमण विरोधी मुहिम

उज्जैन, अग्निपथ। महाकालेश्वर मंदिर परिसर के विस्तार के लिए जारी काम के बीच मंगलवार सुबह एक बार फिर से राजस्व और नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की। बेगमबाग इलाके में भारत माता मंदिर के सामने बने 11 मकानों को तोड़ा गया। इनमें से 5 मकान ऐसे थे जो पूरी तरह हटा दिए गए है। इन 5 मकानों में रहने वाले परिवारों को पंवासा मल्टी में फ्लैट आवंटित किए गए है।

महाकालेश्वर मंदिर के आसपास स्मार्ट सिटी कंपनी द्वारा 752 करोड़ रूपए की लागत से विकास कार्य करवाए जा रहे है। मंदिर परिसर को अभी की तुलना में 10 गुना ज्यादा बढ़ा किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स के लिए कुछ महीनों पहले शकैब बाग बस्ती के 140 मकान हटाए गए थे। मंगलवार सुबह इसी शकैब बाग के सामने वाले हिस्से में नाले के किनारे पर बने 11 मकानों को हटाने की कार्यवाही की गई।

रात में चेतावनी, सुबह पहुंच गया अमला

बेगमबाग इलाके के 11 मकानों को हटाने के लिए तीन दिन पहले नगर निगम द्वारा नोटिस जारी किए गए थे। सोमवार की रात प्रशासनिक अधिकारी इस क्षेत्र में पहुंचे और रहवासियों को सुबह तक मकान खाली करने की चेतावनी दी। सुबह करीब 7 बजे एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार अभिषेक शर्मा पुलिस फोर्स और नगरनिगम की टीम के साथ बेगमबाग पहुंच गए और मकानों को हटाने की कार्यवाही शुरू कर दी। पूरे दिन यह कार्यवाही जारी रही। इस दौरान बेगमबाग इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

ऐसे फ्लैट में कैसे रहेंगे

बेगमबाग से मंगलवार सुबह विस्थापित किए गए 11 परिवारों में से 5 परिवार ऐसे है जिनके मकान पूरी तरह से जमींदोज हो गए है। इन 5 परिवारों को पंवासा स्थित प्रधानमंत्री आवास की मल्टी में फ्लैट आवंटित किए गए। शाम को जब रहवासियों को फ्लैट के नंबर आवंटित हुए तब कुछ लोग पंवासा में फ्लैट देखने भी पहुंचे। रहवासी अब्दुल हक ने बताया कि एक भी फ्लैट में दरवाजा नहीं है, बिजली नहीं है, लेट्रीन की शीट नहीं है। बाथरूम के दरवाजे, फ्लैट की खिड़किया, बिजली के तार सबकुछ चोरी हो चुका है। सभी फ्लैट में गंदगी भरी हुई है। ऐसी जगह पर कैसे रहेंगे।

बारिश ने बढ़ा दी मुसीबत

अतिक्रमण विरोधी मुहिम की चपेट में आए बेगमबाग के 11 परिवारों पर मंगलवार शाम को हुई बारिश दोहरी मुसीबत लेकर आई। खुद के मकान रहे नहीं लिहाजा सडक़ो पर गृहस्थी का सामान जमाया। आसपास किराए के मकान तलाश ही रहे थे कि बारिश शुरू हो गई। गृहस्थी का सामान भीग गया, कॉलोनी के दूसरे घरों में शरण लेना पड़ी।

मेट्रो टॉकीज की गली में भी कार्यवाही

मंगलवार को नगर निगम के अमले ने मेट्रो टॉकीज की गली क्षेत्र में भी अवैध निर्माण हटाने की कार्यवाही की है। इस गली में भवन मालिक अनिल बच्चानी द्वारा सेटबैक पर अवैध निर्माण कर लिया गया था। इनके द्वारा बनाए गए नए मकान के अगले हिस्से को ध्वस्त कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

धर्मशाला में घुसकर किया छात्रों पर जानलेवा हमला

Tue Dec 28 , 2021
मारपीट का सामने आया फुटेज, 25 पर केस दर्ज उज्जैन, अग्निपथ। बिलोटीपुरा में दांगी समाज की धर्मशाला में ठहरे छात्रों पर हुए हमले के 2 दिन बाद पुलिस ने मंगलवार को 5 नामजद और 20-25 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मारपीट का वीडियो सामने आने और समाजजनों ने […]

Breaking News