महाकालेश्वर मंदिर: 90 प्रतिशत उपस्थिति पर ही होंगे नियमित श्रद्धालुओं को दर्शन

नई गाइडलाइन नित्य दर्शनार्थी परिवार को मंजूर नहीं, अध्यक्ष रवि राय ने कहा- कलेक्टर से सहमति के बावजूद कर रहे परेशान

उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर में नियमित श्रद्धालु अब भगवान महाकाल के सामान्य श्रद्धालुओं के साथ कतार में लगकर दर्शन कर सकेंगे। प्रात: 7 से 9 बजे एवं सायं 6 से रात 8 बजे तक निर्धारित समय में भस्मार्ती द्वार क्रमांक 4 से प्रवेश कर वहां लगी बॉयोमेट्रिक मशीन में उपस्थिति दर्ज कराकर भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

उनकी 90 प्रतिशत उपस्थिति भी सुनिश्चित की गई है। लेकिन इसके विरोध में नित्य दर्शनार्थी परिवार संगठन आ गया है। अध्यक्ष का कहना है कि कलेक्टर से बात करने के बावजूद नियमित श्रद्धालुओं को इतना लंबा घुमाकर प्रवेश देना ठीक नहीं। उनकी बात नहीं मानी जाती तो मंदिर के सामने धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

मंदिर प्रशासन सभी के लिए दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है। प्रशासक गणेश कुमार धाकड़ ने बताया कि आगन्तुक नियमित श्रद्धालुगण बॉयोमेट्रिक मशीन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के उपरांत भस्मार्ती द्वार नम्बर 4 से प्रवेश कर विश्रामधाम, रैम्प, मार्बल गलियारा से होते हुए द्वार नम्बर 6 के रास्ते सामान्य श्रद्धालुओंं की भांति ही मंदिर में प्रचलित दर्शन व्यवस्था अनुसार भगवान महाकाल के दर्शन कर सकेंगे। प्रथम एवं द्वितीय बेरिकेट्स में नियमित श्रद्धालुओं को प्रवेश की पात्रता नहीं होगी।

दिनभर में एक बार आ सकते हैं दर्शन के लिए

श्री धाकड़ ने कहा नियमित श्रद्धालुओं की प्रतिमाह 90 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। नियमित श्रद्धालु स्वयं निर्धारित समय में निर्धारित द्वार से दिन में एक बार मंदिर में दर्शन के लिए प्रवेश कर सकेंगे। अपने साथ किसी भी अन्य व्यक्ति को प्रवेश कराया जाना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।

मंदिर में दर्शन हेतु निर्धारित समय के अतिरिक्त दिन में एक बार प्रवेश के उपरांत नियमित दर्शनार्थियों की दर्शन व्यवस्था सामान्य श्रद्धालु के समान रहेगी। विशेष पर्व महाशिवरात्रि, नागपंचमी, श्रावण मास पर प्रचलित दर्शन व्यवस्था अनुसार ही नियमित श्रद्धालुगण मंदिर में दर्शन हेतु प्रवेश कर सकेंगे।

नवग्रह मंदिर के पास से दिया जाए प्रवेश

इधर मंदिर प्रशासक द्वारा लागू इस व्यवस्था का विरोध होना भी शुरू हो गया है। बताया जाता है कि पूर्व में काला गेट से नियमित श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाता था, लेकिन नई व्यवस्था के अंतर्गत काफी लंबा घूमकर नियमित श्रद्धालु जिसमें बुजुर्ग महिलाएं और पुरुष भी शामिल हैं, जाना होगा।

नित्य दर्शनार्थी परिवार संगठन के अध्यक्ष रवि राय का कहना है कि दत्त अखाड़ा पर उनकी कलेक्टर आशीषसिंह से बात हुई थी। जिसमें नवग्रह शनि मंदिर के पास से सामान्य श्रद्धालुओं के साथ दर्शन को जाने पर सहमति बनी थी। मंदिर के अधिकारियों से भी इस मामले में बात हो गई थी। लेकिन मंदिर प्रशासन जबरन की व्यवस्था थोप रहा है। एक और दो नंबर बेरिकेड में प्रवेश नहीं देना भी उचित प्रतीत नहीं हो रहा है। हमारी मांगे स्वीकार नहीं की गईं तो मंदिर के सामने फिर से धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जेल में चरस ले जाने वाला प्रहरी सरेंडर, दो गिरफ्त से दूर

Tue Dec 14 , 2021
मुंह में चरस छिपाकर जेल में ले जाने का किया था प्रयास उज्जैन,अग्निपथ। केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के एक सस्पेंड सिपाही ने देर रात भैरवगढ़ थाने में सरेंडर किया है। उसकी मुंह में चरस छिपाकर जेल में चरस ले जाने के केस में तलाश थी। मामले में पुलिस उसके दो और […]
bhairavgarh jail ujjain

Breaking News