मुंह पर कपड़ा बांधकर आम आदमी बन पहुंचे आयुक्त ने कहा पट्टा लेना है लेकिन कुछ कागज कम है, निगम कर्मचारी बोला-शाम को मिल लेना

नगर निगम की व्यवस्थाएं सुधारने में जुटे हैं नए कमिश्नर

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम के आयुक्त अंशुल गुप्ता इन दिनों अपनी छापामार कार्यप्रणाली की वजह से काफी सुर्खियों में है। सोमवार दोपहर आयुक्त गुप्ता मुंह पर कपड़ा बांध आम आदमी बनकर जोन क्रमांक 4 पर पहुंच गए। यहां काउंटर पर बैठे कर्मचारी से कहा, मुझे पट्टे के लिए आवेदन करना है, कुछ दस्तावेज कम है काम चल जाएगा। कर्मचारी उन्हें पहचान नहीं सका, उसने जवाब दिया- शाम को मिल लेना।

अंशुल गुप्ता जब से आयुक्त के रूप में नगर निगम में पदस्थ हुए हैं तभी से किसी न किसी वजह से नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों को चौंकाते रहे हैं। शहर में सफाई व्यवस्था की औचक जांच के लिए भी वे खुद की गाड़ी छोड़ दरोगा की पीली गाड़ी में बैठकर पहुंच जाते हैं।

सोमवार से नगर निगम के सभी जोन कार्यालयों में ऐसे नागरिकों के लिए शिविर आयोजित किए गए हैं जो 2014 से सरकारी पट्टा योग्य भूमि पर निवास कर रहे हैं। राज्य शासन के निर्देश पर ऐसे लोगों से आवेदन लेकर उन्हें जमीन के पट्टे दिए जाने है। जोन कार्यालयों में शिविर के पहले दिन क्या हालात रहे, इसकी जांच के लिए आयुक्त जोन 4 और 5 में औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। जोन क्रमांक 4 में उन्होंने गाड़ी जोन से कुछ दूर खड़ी करवाई, गनमैन को बाहर ही रोक दिया और खुद भीतर मुंह पर कपड़ा बांधकर पहुंच गए।

भीतर काउंटर पर रवि नामक कर्मचारी बैठा था। आयुक्त ने उससे कहा- मुझे पट्टे के लिए आवेदन करना है, कुछ दस्तावेज कम है। रवि ने जवाब दिया- आप शाम को मुझसे मिल लेना। आयुक्त ने इसके बाद फिर कुछ सवाल किया तो कर्मचारी ने झिडक़ कर कह दिया- जाओ भाई क्यों माथा खा रहे हो। आयुक्त ने भी उसे कहा- आप बदतमीजी से कैसे बात कर रहे हैं। शोर होने लगा तो बाहर खड़ा गनमैन दौडक़र भीतर आ गया। गनमैन के आते ही आयुक्त ने चेहरे से कपड़ा हटाया।

काउंटर पर बैठे कर्मचारी की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई, पूरे जोन कार्यालय में सन्नाटा हो गया। सबकी हालत ऐसी हो गई जैसे मस्ती कर रहे बच्चों की क्लास में हेडमास्टर की एंट्री हो गई हो। आयुक्त ने यहां कुछ और व्यवस्थाएं देखी इसके बाद जोन से रवाना हो गए। जाने से पहले सभी कर्मचारियों को चेता दिया- आम जनता से अच्छा व्यवहार करो।

इनका कहना

जोन में आकस्मिक निरीक्षण किया था, किसी के विरूद्ध कार्रवाई नहीं की है। कार्रवाई हमारा उद्देश्य भी नहीं है। व्यवस्था ठीक रहे और आम लोगों को अच्छे व्यवहार के साथ नगर निगम की सेवाएं मिलती रहे यही प्रयास है। – अंशुल गुप्ता, आयुक्त नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सिंहस्थ की जमीन पर पूर्व पार्षद तान रहे दो मंजिला मकान

Mon Oct 4 , 2021
मंगल नगर में पीछे बने मकानों को नोटिस, मेन रोड के मकान को बख्शा उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ क्षेत्र में अप्रैल-मई 2016 के बाद बने मकानों को तोडऩे की जिला प्रशासन की मुहीम एक अवैध निर्माण की वजह से सवालों के घेरे में आ गई है। आगर रोड पर अवैध मंगल […]

Breaking News