राजस्थान में 24 मई तक लॉकडाउन:पहली बार नए केसों से ज्यादा रिकवरी हुई पर सख्ती जारी

पब्लिक-प्राइवेट ट्रांसपोर्ट बंद, बेवजह निकले तो क्वारैंटाइन

जयपुर। राजस्थान में पहली बार जितने नए केस आए, उनसे ज्यादा संख्या रिकवर होने वाले मरीजों की रही। 15 जिलों में ऐसा ट्रेंड देखने को मिला, लेकिन सरकार अभी ढिलाई के मूड में नहीं है। राजस्थान सरकार ने 24 मई तक सख्त लॉकडाउन का ऐलान किया है। सोमवार सुबह 5 बजे से 24 मई तक सख्त लॉकडाउन लागू रहेगा। इमरजेंसी को छोड़ बसों समेत पब्लिक और प्राइवेट ट्रांसपोर्ट पर रोक लगा दी गई है। बिना वजह घरों से बाहर निकलने वालों को पुलिस सीधे क्वारैंटाइन करेगी।

लॉकडाउन में ये छूट

  • फल, सब्जी, दूध, किराना जैसे आम जरूरत की चीजें मिलती रहेंगी। फल सब्जी के ठेले सुबह 6 से शाम 5 बजे, किराना दुकानें सुबह 6 से 11 बजे तक खुलेंगी।
  • पशुओं के चारे की दुकानें सोमवार से शुक्रवार सुबह 6 से 11 बजे और खाद बीज की दुकानें, कृषि उपकरणों की दुकानें सोमवार से गुरुवार सुबह 6 से 11 बजे खुल सकेंगी।
  • साइकिल, रिक्शा, ऑटो रिक्शा और मोबाइल वैन को सुबह 6 से शाम 5 बजे तक मंजूरी।
  • डेयरी और दूध की दुकानों को सुबह 6 से 11 और शाम 5 से शाम 7 बजे तक खोलने की इजाजत।
  • मेडिकल स्टोर, मेडिकल उपकरणों की दुकानें खुली रहेंगी। मेडिकल, इमरजेंसी सेवाओं और परमिटेड कैटेगरी के ट्रांसपोर्टेशन में छूट।
  • माल ढुलाई वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक नहीं।
  • उद्योगों और निर्माण से संबंधित सभी यूनिट खुलेंगी। मजदूरों को आई कार्ड जारी करने होंगे। इसके लिए ट्रांसपोर्टेशन में छूट।
  • प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिखाने पर आने जाने की मंजूरी होगी।
  • शराब की दुकानें पहले की तरह सोमवार से शुक्रवार सुबह 6 से 11 बजे तक खुली रहेंगी।

ये सख्ती बरती जाएगी

  • ट्रांसपोर्टेशन पर रोक रहेगी। एक शहर से दूसरे शहर जाने पर भी रोक। गांवों में भी इसी तरह की सख्ती। शहर से गांवों और गांवों से शहर में आवाजाही पर भी रोक। निजी और सार्वजनिक परिवहन के साधन बस, जीप आदि पूरी तरह बंद रहेंगे। बारात के के लिए बस, ऑटो, टेम्पो, ट्रैक्टर, जीप आदि की मंजूरी नहीं।
  • वीकेंड पर पहले की तरह ही दूध, मेडिकल और फल सब्जी को छोड़ सब कुछ बंद रहेगा।
  • 24 मई तक आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी सरकारी दफ्तर, बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
  • शादियों में 11 से ज्यादा मेहमान नहीं जुटेंगे। अंतिम संस्कार में 20 से ज्यादा लोग नहीं शामिल हो सकेंगे। शादी समारोह, डीजे, बारात, दावत की मंजूरी 31 मई तक नहीं। मैरिज गार्डन, मैरिज हॉल और होटल शादी-समारोह के लिए बंद रहेंगे।
  • राज्य के बाहर से आने वालों को 72 घंटे पहले कराई गई RT-PCR निगेटिव रिपोर्ट दिखानी होगी।

राजस्थान में पहली बार 15 जिलों में रिकवर मरीजों की संख्या ज्यादा
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 7.38 लाख हो चुका है। इनमें 5.33 लाख रिकवर हो गए हैं। ऐसे में 1.99 लाख एक्टिव केस बचे हैं। प्रदेश में शनिवार को 17,987 नए केस मिले। इसके अलावा 17,667 मरीज ठीक भी हुए। बढ़ते संक्रमण के बीच राहत भरी खबर आई कि प्रदेश में पहली बार शनिवार को 15 जिलों में नए रोगियों से ज्यादा मरीज ठीक हुए।

अजमेर में 790, अलवर में 1123, बांसवाड़ा में 336, बारां में 683, बूंदी में 148, चित्तौड़गढ़ में 729 हनुमानगढ़ में 968, झालावाड़ में 570, जोधपुर में 2534, करौली में 199, पाली में 381, राजसमंद में 351, सिरोही में 405, टोंक में 152 और उदयपुर में 1523 मरीज रिकवर हुए। इन 15 जिलों में 10,892 मरीज रिकवर हुए। जबकि, नए संक्रमित केस 7438 थी।

राजस्थान में अब तक कोरोना से 5,507 रोगियों की मौत हो चुकी है। शनिवार को भी 160 लोगों ने दम तोड़ा। यहां हर घंटे में छह से ज्यादा मरीजों की मौत हो रही है। इनमें राजधानी जयपुर में रिकॉर्ड 53 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। कोरोना से सबसे ज्यादा मौतें जयपुर में 1121, जोधपुर में 815, उदयपुर में 405, कोटा में 331, अजमेर में 312, बीकानेर में 294 और सिरोही में 219 हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उज्जयिनी की वसुंधरा पर फिर लौटकर आना हे महामानव!

Mon May 10 , 2021
कोरोना की इस भीषण त्रासदी ने उज्जैन शहर के एक सरस्वती पुत्र, ज्ञान के साधक 89 वर्षीय प्रकाश उप्पल जी को हम सबसे छीन लिया। 4 सितम्बर 1932 को जन्मे प्रकाश उप्पल जी प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए थे परंतु वीणापाणि का आशीर्वाद होने से नौकरी के साथ उन्होंने साहित्य […]