लॉक डाउन इफेक्ट : भाव तेज पर धंधा चौपट, उज्जैन के सोना-चांदी बाजार को इस बार 3 करोड़ का नुकसान

अक्षय तृतीया पर दुकानें बंद, नहीं हो पाई शादी और मुहूर्त की खरीदारी

उज्जैन, अग्निपथ। करोना लॉकडाउन के चलते अक्षय तृतीया पर इस बार सोना – चांदी का 3 करोड़ का व्यवसाय नहीं हो पाया। यह दूसरा साल है जब सोना-चांदी का व्यवसाय नहीं हो पाया।

शहर के करीब 500 व्यापारियों की दुकानें 14 मई को बंद रही। पिछले सवा महीने से दुकानें पूरी तरह से बंद थी। शादी और मुहूर्त के लिए व्यापारियों के पास फोन आते रहे लेकिन लॉकडाउन की वजह से कोई भी दुकान नहीं खोल पाया। उज्जैन का सोना-चांदी व्यापार बंद होने से अभी जो सोने चांदी के रेट इंदौर एमसीएक्स में चल रहे हैं उन्हीं को यहां भी लागू किया जा रहा है।

स्वर्णकार समाज के कैलाश सोनी का कहना है कि मार्च में सोने का रेट 45 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास था जो अब बढक़र 49000 हो गया जबकि चांदी 70 हजार 500 पर पहुंच गई। सोने-चांदी के खरीदार नहीं होने के बाद भी रेट बढ़ रहे हैं।

ज्यादातर कारीगर घर चले गए

बताया जाता है कि उज्जैन में 500 सर्राफा व्यापारियों के यहां करीब 5000 स्वर्ण आभूषण बनाने वाले कारीगर काम करते हैं। इनमें ज्यादातर बंगाल के हैं। लॉकडाउन लगते ही जो घर चले गए थे वह अभी तक लौटकर वापस नहीं आ पाए। कुछ कारीगर यही रह गए थे वह अभी यहीं हैं। सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि जो उनके कारीगर जुड़े हुए हैं उन्हें सप्ताह में १500 रुपए उनके खातों में डालना पड़ रहे हैं ताकि उनका परिवार आर्थिक संकट में नहीं आ सके।

दूसरे साल भी बगैर व्यापार के सीजन खत्म

भारतीय स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पटनी बाजार सर्राफा एसोसिएशन के सचिव शिव नारायण सोनी का कहना है कि कोरोना की वजह से लगातार दूसरे साल बगैर व्यापार के सीजन खत्म होने को आ गया है। आखा तीज पर करीब 3 करोड़ रुपए का व्यवसाय शादी और मुहूर्त की खरीदारी से होता। सोनी का कहना है कि हालांकि ग्रामीण क्षेत्र में छुटपुट व्यापार होने की जानकारी सामने आई है परंतु इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ता। ज्यादातर दुकानदार अपनी दुकान ही नहीं खोल पाए। इसलिए व्यापार भी नहीं हो पाया।

सप्ताह में 1 दिन बदलने चाहिए रेट

स्वर्णकार समाज के उपाध्यक्ष कैलाश सोनी का कहना है कि सरकार को ऐसी नीति बनाना चाहिए कि सोना-चांदी और दूसरी कमोडिटी के रेट सप्ताह में 1 दिन बदले जाएं। वह रेट पूरे सप्ताह तक लागू रहे। इससे सुबह शाम होने वाले उतार-चढ़ाव से बचा जा सकेगा। ग्राहक के साथ-साथ दुकानदार को भी लाभ होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग में चोरी, ताले तोडक़र आठ अलमारी खंगाली, सेंपल तोडक़र फैंक गए

Mon May 17 , 2021
उज्जैन,अग्निपथ। लॉक डाउन के दौरान सरकारी कार्यालय चोरों के निशाने पर है। चोरों ने 10 दिन में दूसरी बार सरकारी विभाग पर धावा बोला। वारदात खाद्य एवं औषधी प्रशासन विभाग ऑफिस में हुई। खिडक़ी के रास्ते अंदर घुसे चोरों ने आठ अलमारियों के तोड़ दिए। रविवार को घटना का पता […]