वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान:सूर्यकुमार और प्रसिद्ध कृष्णा को पहली बार भारतीय टीम में मौका

ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या की वापसी

नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज के लिए शुक्रवार को टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया। इंग्लैंड के खिलाफ अभी जारी टी-20 सीरीज से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सूर्यकुमार यादव को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है। साथ ही 140 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले प्रसिद्ध कृष्णा को भी मौका दिया गया है। कृष्णा पहली बार भारतीय टीम का हिस्सा बने हैं। दूसरी ओर, ईशान किशन और पृथ्वी शॉ जैसे युवा खिलाड़ी जगह बनाने में सफल नहीं हो सके।

ईशान ने दूसरे टी-20 मैच में तूफानी अर्धशतक के साथ अपने इंटरनेशनल करियर का आगाज किया था। वहीं, मुंबई के पृथ्वी शॉ ने घरेलू वनडे टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में 8 मैचों में 165 की औसत से 827 रन बनाए थे। इसी टूर्नामेंट में 7 मैचों में 737 रन बनाने वाले कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है। भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज 23 मार्च से पुणे में खेली जानी है।

सूर्यकुमार को पहली टी-20 पारी में फिफ्टी जमाने का इनाम


सूर्यकुमार ने इंग्लैंड के खिलाफ अपनी पहली टी-20 पारी में फिफ्टी लगाकर सभी को प्रभावित किया। उन्होंने 31 गेंदों पर शानदार 57 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को चौथे टी-20 में 8 रनों से हराया और 5 मैच की सीरीज में 2-2 की बराबरी की। उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। सूर्यकुमार ने सीरीज के दूसरे मैच में ही डेब्यू किया था लेकिन तब उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था। तीसरे मैच में वे प्लेइंग-11 से बाहर रहे थे। करियर की पहली पारी उन्होंने सीरीज के चौथे टी-20 मैच में खेली।

क्रुणाल ने विजय हजारे ट्रॉफी में 2 सेंचुरी लगाई थी
बड़ौदा के ऑलराउंडर क्रुणाल टी-20 में भारत के लिए खेल चुके हैं। उन्हें टीम इंडिया में शामिल किया गया है। क्रुणाल ने विजय हजारे ट्रॉफी में 2 नाबाद सेंचुरी और दो हाफ सेंचुरी लगाई थी।

प्रसिद्ध ने विजय हजारे ट्रॉफी में 14 विकेट लिए
कर्नाटक के प्रसिद्ध ने विजय हजारे ट्रॉफी में 14 विकेट लिए थे। पिछले कुछ समय से वह भारतीय डोमेस्टिक सर्किट में बेहतरीन पेसर्स में से एक रहे हैं। उनकी खासियत है कि वे 145 प्लस की रफ्तार से गेंद फेंक सकते हैं। IPL में वे कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेलते हैं।

17 महीने बाद भुवनेश्वर की वापसी
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की वनडे सीरीज में 17 महीने बाद वापसी हुई है। भुवनेश्वर फिलहाल टी-20 सीरीज का हिस्सा हैं। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मुकाबला अगस्त 2019 में वेस्टइंडीज के खिलाफ क्वींस ओवल में खेला था।


पृथ्वी-पडिक्कल को करना होगा इंतजार
घरेलू सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले पृथ्वी शॉ और देवदत्त पडिक्कल को टीम में शामिल नहीं किया गया है। ऐसा इसलिए क्योंकि टीम में पहले से ही ओपनर्स की जगह फुल है। टीम में लोकेश राहुल, शिखर धवन, शुभमन गिल और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। लिहाजा, शॉ और पडिक्कल को अभी इंतजार करना होगा। शॉ को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पहले टेस्ट में मौका दिया गया था। लेकिन, वे दोनों पारियों में फेल रहे और तब से उन्हें फिर मौका नहीं मिला।

जडेजा-बुमराह को आराम
उंगली में फ्रैक्चर के बाद प्रैक्टिस शुरू करने वाले रविंद्र जडेजा को आराम दिया गया है। उन्हें अभी अपनी फिटनेस साबित करनी है। वहीं, हाल ही में शादी के बंधन के बंधने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी इस टीम का हिस्सा नहीं हैं।

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गए 6 खिलाड़ी इस टीम में नहीं
चेतन शर्मा के नेतृत्व वाली चयन समिति ने इंग्लैंड सीरीज के लिए जिस वनडे टीम का ऐलान किया, उसमें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई वनडे टीम के 6 खिलाड़ियों के नाम नहीं हैं। जडेजा-बुमराह के अलावा मनीष पांडे, मयंक अग्रवाल, संजू सैमसन और चोटिल मोहम्मद शमी को टीम में शामिल नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महाकाल में कोरोना ने बदली व्यवस्था:मंदिर में बिना मास्क प्रवेश नहीं

Fri Mar 19 , 2021
दर्शनार्थियों की संख्या में भी होगी कटौती; भस्मारती में प्रवेश पर रोक जारी उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में भक्तों को अब भी अपने भगवान से थोड़ी दूरी बनाकर रखनी होगी। कोरोना के बढ़ते संकट ने महाशिवरात्रि के बाद भस्मारती में भक्तों के शामिल होने की आस को फिर से खत्म […]
Mahakal Shivling