वेतन पूरा लेकर माह में एक बार आने वाले सहायक ग्रेड 2 को सिर्फ नोटिस

शाजापुर, अग्निपथ। माह में एक बार आकर पूरे महीने का वेतन लेने वाले लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी को नोटिस देकर जिम्मेदारों ने अपने कर्तव्यों की इतीश्री करली है। जबकि अपात्रों को आवास आवंटित करने के मामले में अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं।

लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री की मिली भगत से अधीनस्थ कर्मचारी सहायक ग्रेड 2 ओमप्रकाश सुनेरी बेखौफ कई वर्षों से नौकरी के नाम पर माह में एक ही बार आता है। जबकि शासन से वेतन पूरे माह का ले रहा है। सुनेरी उज्जैन में रहता है और माह में एक बार आकर रजिस्टर पर पूरे माह की उपस्थिति दर्ज कर चला जाता है। सांठगांठ के चलते विभाग में चल रही इस धांधली को लेकर 11 अगस्त 2021 को समाचार का प्रमुखता से प्रकाशन किया गया था। साथ ही अपात्रों को शासकीय आवास आवंटित करने के मामले को भी उजागर किया गया था, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने एक पखवाड़े में महज मनमानी कर रहे सहायक ग्रेड 2 सुनेरी को नोटिस देकर मामले को ठंडे बस्ते में पटकने की कोशिश की है। अपात्रों को सरकारी आवास आवंटन के मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। नियमों को ताकमें रखकर आवंटित किए गए आवास और बिना विभाग पहुंचे वेतन ले रहे कर्मचारी पर ठोस कार्रवार्ई नहीं होना एक बार फिर विभागीय अधिकारी को संदेह के घेरे में खड़ा कर रहा है।

दबाने में लगे आवास आवंटन का मामला

14 जुलाई को उपयंत्री को आवंटित किए गए आवास क्रमांक जी 19 को कार्यपालन यंत्री ने निरस्त करते हुए सहायक ग्रेड 3 को आवंटित कर दिया है। जबकि उक्त आवास ए क्लास के अधिकारियों को ही आवंटित किए जाने का प्रावधान है। मामले के उजागर होने के बावजूद अधिकारी आवंटन मामले में कार्र्रवार्ई करने को तैयार नही हैं।

यह है पूरा मामला

लोक निर्माण विभाग में सहायक ग्रेड 2 के पद पर पदस्थ ओमप्रकाश सुनेरी वरिष्ठ अधिकारियों के समर्थन से शाजापुर में शासकीय आवास स्वीकृत होने के बाद भी उज्जैन में ही निवास कर रहा है। पीडब्ल्यूडी कालोनी में शासकीय आवास स्वीकृत होने के बाद भी इस मकान आवास में आज तक सुनेरी निवास करने के लिए नही आया है और विभाग में भी माह में एकाध बार ही आकर अपने कर्तव्यों को पूरा कर रहा है। वर्तमान में सुनेरी को आवंटित किया गया आवास जीर्णशीर्ण होने लगा है। इस पूरे मामले में पहले तो विभाग के वरिष्ठों ने सुनेरी के नियमित सेवा देने की बात कही, परंतु जब मामला उछला तो जिम्मेदारों ने नोटिस देकर कर्तव्य की इतीश्री करली।

इनका कहना है

समय पर सेवा नहीं देने पर सहायक ग्रेड 2 सुनेरी को नोटिस दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सुनेरी का इस माह का वेतन रोका जाएगा। रही बात आवास आवंटन की तो वह कार्यपालन यंत्री आवंटित करते हैं। इसलिए इस बारे में वही बता सकेंगे। -हर्षवर्धन, एसडीओ लोनिवि शाजापुर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खबर का असर : मंडी में हर शुक्रवार को प्लेटफॉर्म पर होगी लहसुन की नीलामी

Thu Aug 26 , 2021
जावरा, अग्निपथ। छोटे किसानों की दिक्कत खत्म करने के लिए मंडी में अब हर सप्ताह शुक्रवार को प्लेटफॉर्म पर ही लहसुन की नीलामी की जाएगी। बाकी दिनों ट्रैक्टर-ट्राली में ही रखी लहसुन नीलामी में शामिल हो सकेगी। यह फैसला मंडी प्रशासन ने लहसुन उत्पादन करने वाले छोटे किसानों की समस्या […]