शराबी पति ने चरित्र शंका में पत्नी को मार डाला

शरीर पर मिले नुकीले हथियार के निशान

उज्जैन, अग्निपथ। चरित्र शंका में पति ने सोमवार-मंगलवार रात पत्नी को मोगरी से पीट-पीट कर मार डाला। सुबह बच्चों ने मां का शव कमरे में देखा तो आसपास के लोगों को बताया। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।

राघवी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया हर्जी में रहने वाला विष्णु मालवीय (35) पत्नी संतोषबाई (30) पर चरित्र शंका करता था, जिसके चलते दोनों में आये दिन विवाद होता था। सोमवार रात शराब के नशे में विष्णु घर पहुंचा और पत्नी के साथ गाली-गलौच करने लगा। चरित्र पर शंका करते हुए उसने मारपीट शुरु कर दी। इस दौरान विष्णु ने कमरे में रखी मोगरी उठा ली और पत्नी के सिर पर मार दी। चोट लगते ही संतोषबाई गिर पड़ी।

नशे में होने पर पति ने उसके सिर पर कई वार किये। खून से लथपथ हुई पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। रात 11 बजे हुए घटनाक्रम के बाद विष्णु घर से बाहर निकल गया। रात को समीप कमरे में सोए 2 बच्चे जागे और मां के दिखाई नहीं देने पर कमरे में पहुंचे। मां को खून से सना और जमीन पर पड़ा देख दोनों बच्चों ने शोर मचाया और रोने लगे।

बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और मामले की सूचना राघवी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। कमरे में खून लगी मोगरी पड़ी थी। पूछताछ करने पर पता चला कि रात में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पति चरित्र शंका करता था।

पुलिस ने पति को तलाश किया तो वह घर से कुछ दूरी पर ही मिल गया जिसे हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच के लिये एफएसएल टीम को बुलाया गया। डॉ. प्रीति गायकवाड़ मौके पर पहुंची तो सामने आया कि संतोषबाई पर मोगरी से वार करने के साथ नुकीली चीज से भी वार किया गया।

पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिये महिदपुर अस्पताल पहुंचाया। दोपहर में पीएम के बाद परिजनों को सौंपा गया है। एसआई शैलेन्द्र अलावे ने बताया कि पति से पूछताछ की जा रही है। अभी तक चरित्र शंका को लेकर हत्या होना सामने आया है। परिजनों के बयान दर्ज किये जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खंडहर में तब्दील हो रहे अस्पताल के गेट

Tue Jul 26 , 2022
गेट की जालियों के कारण प्राय: होती रही हैं घटनाएं झाबुआ, अग्निपथ। जिला अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर एक बार नहीं बल्कि अनेक बार मुख्यमंत्री तक को भी शिकायत हो चुकी है। इसके बावजूद यहां कभी कुछ नहीं हुआ। प्रशासनिक अधिकारी कभी कभार नाम के लिए दौरा कर लेते हैं। […]