शहर कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बता पाए कितने कांग्रेस के सक्रिय सदस्य, सवाल करने पर भडक़े

कांग्रेस के घर-घर चलो अभियान की जानकारी देने बुलाई थी पत्रकारवार्ता

उज्जैन, अग्निपथ। शहर कांग्रेस कार्यालय में घर-घर चलो अभियान की जानकारी देने के लिए प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया था। परन्तु प्रेस कांफ्रेंस में शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी और अन्य कांग्रेस नेता यह नहीं बता पाए कि कितने शहर में कितने सक्रिय सदस्य हैं और कितने नए सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया गया है। कितने बूथों पर किस तरह से अभियान चलाया जाएगा। वे पत्रकारों के सवाल करने पर उखड़ गए थे। हालांकि बाद में उन्होंने अपने व्यवहार पर पत्रकारों से माफी मांगी और कहा कि वे ऐसा कुछ नहीं कहना चाहते थे, जो हुआ उसके लिए वे क्षमाप्रार्थी हैं।

दरअसल दोपहर में 2 बजे शहर कांग्रेस में पत्रकारवार्ता कांग्रेस नेता देवव्रत यादव ने माइक संभालते हुए शुरू की। इसके बाद शहर अध्यक्ष महेश सोनी ने घर-घर चलो अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कमलनाथ के निर्देश पर एक फरवरी से यह अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक ब्लाक में चलने वाले अभियान में क्षेत्र के वरिष्ठ नेता पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

कांग्रेस के नेता और पदाधिकारी प्रभावशाली लोगों को भी इस अभियान में शामिल करने के आमंत्रित करेंगे। एक दिन में अधिकतम पांच बूथों पर घर-घर जाकर संपर्क किया जाएगा। यह अभियान 28 फरवरी तक लगातार चलता रहेगा। अभियान में शामिल कांग्रेस नेता और पदाधिकारी गांधी टोपी लगाकर संपर्क करेंगे। कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जनता को देंगे और भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे।

इस दौरान कांग्रेस के सदस्यता अभियान को भी चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक सदस्य कांग्रेस से जुड़ सकें। इस दौरान कांग्रेस भरतशंकर जोशी, नेता देवव्रत यादव, अंजू जाटवा, अजीत सिंह, कमल पटेल, विवेक सोनी , ब्लाक अध्यक्ष अशोक उदयवाल, तबरेज खान, ललित मीणा आदि मौजूद थे।

विधायक 1 फरवरी को करेंगे अभियान का शुभारंभ

घर-घर चलो अभियान का शुभारंभ एक फरवरी को विधायक अपनी -अपनी विधानसभा और जहां विधायक नहीं है, वहां शहर और जिला अध्यक्ष के अलावा 2018 के विधानसभा प्रत्याशी अभियान की शुरुआत करेंगे। इस अभियान को कैसे और किस तरह से चलाया जाना है। इसकी गाइड लाइन बनाकर दी गई है। सभी नेताओं और पदाधिकारियों से इससे अवगत करा दिया जाएगा।

मंत्री यादव की निंदा करने के सवाल पर भडक़ा विवाद

कांग्रेस कार्यालय में मंत्री मोहन यादव द्वारा 26 जनवरी को किए गए एक विवादित ट्वीट के सवाल पर शहर अध्यक्ष ने निंदा करने के सवाल पर अचानक तल्ख रुख अपना लिया। उन्होंने कहा कि वे मंत्री यादव के बयान की निंदा करते हैं परन्तु राजनेता होने के नाते जो भी हो सकता हैं वह करेंगे।

वे मोहन यादव के घर पत्थर लेकर नहीं जा सकते हैं। मोहन यादव का कद इतना बढ़ा नहीं है कि उनका पुतला जलाया जाए। इस दौरान उन्होंने घट्टिया विधायक रामलाल मालवीय से भी बयान की निंदा करने की बात कही। घट्टिया विधायक कुछ कह पाते इससे पहले ही शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश सोनी ने विधायक रामलाल मालवीय से कहा कि डरते क्यों है, बयान की निंदा करो।

सोनी के बयान को सुनकर विधायक मालवीय हतप्रद हो गए। उन्होंने कहा कि वे किसी से नहीं डरते हैं। वे भी मंत्री यादव के बयान की भत्र्सना करते हैं। महात्मा गांधी, इंदिरा और राजीव के योगदान को कोई नहीं भुला सकता है।

वहीं विधायक महेश परमार ने कहा कि मोहन यादव के ट्वीट से साफ हो गया कि उनकी मानसिकता क्या है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का सम्मान प्रधानमंत्री तक करते हैं, परन्तु मप्र में उनकी ही पार्टी के उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव इस तरह का बयान देकर अपनी ओच्छी मानसिकता को उजागर करते हैं। तत्काल ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उनको बर्खास्त कर देना चाहिए।

कांग्रेस इस बयान के खिलाफ लगातार आंदोलन चलाएगी। मोहन यादव को तत्काल ही बयान को वापस लेकर माफी मांगनी चाहिए। गांधी परिवार ने देश के लिए जो किया उसे कोई भुला नहीं सकता है।

मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो

मंत्री मोहन यादव ने महात्मा गांधी का अपमान किया है। ऐसे नेता के खिलाफ पुलिस को खुद ही संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज करना चाहिए। यह बात कांग्रेस नेता राजेश तिवारी ने प्रेस को जारी एक बयान में कही। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर मंत्री यादव ने पोस्ट जारी की थी। उसमें उन्होंने देश के सर्वश्रेष्ठ नेता के बारे में टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि ऐसे नेता को तत्काल ही उच्च शिक्षा मंत्री के पद से हटाएं।

कांग्रेस कार्यालय के बाहर मंत्री यादव का पुतला जलाया

महात्मा गांधी, नेहरू जी, इंदिरा गांधी के बयान से नाराज युवक कांग्रेस ने युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भरत शंकर जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस ने मंत्री यादव का पुतला जलाया। इस दौरान पुलिस ने पुतले को बुझाने का प्रयास किया तो जोशी भडक़ गए। उन्होंने हाथ जोडक़र पुलिसकर्मियों से कहा कि जिस महात्मा गांधी की तस्वीर को आप अपने थाने में लगाते हैं, आज मंत्री यादव ने उन्हीं का अपमान किया है। ऐसे नेता का पुतला जलाने से युवक कांग्रेस को क्यों रोक रहे हो।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने मोहन यादव मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस दौरान रवि राय, सोनिया ठाकुर, अंजू जाटवा, लालचद भारती, ब्लाक अध्यक्ष अशोक उदयवाल, तबरेज खान, अर्जुन मालवीय, नाना तिलकर आदि मौजूद थे।

मंत्री के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर के लिए दिया आवेदन

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा फेसबुक साईट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जवाहरलाल नेहरू, राष्ट्रमाता इंदिरा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के खिलाफ की गई टिप्पणी के विरोध में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रवि राय ने प्रकरण दर्ज करने की मांग की।

शुक्रवार दोपहर रवि राय के साथ कांग्रेसी कोतवाली थाने पहुंचे तथा उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने हेतु लिखित शिकायत की। रवि राय ने बताया कि गणतंत्र दिवस की परेड को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव ने फेसबुक पर लिखा कि गणतंत्र दिवस की परेड पर नेताजी सुभाष बोस एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल थे, परेड में न तो फर्जी राष्ट्रपिता थे ना ही देश के फर्जी चाचा, ना लोहे की महिला थी ना ही कम्प्यूटर के अविष्कारक थे। मेरा देश बदल रहा है, स्वतंत्र भी हो रहा है और अंग्रेजी गुलामों के जबड़ों से निकल रहा है।

कार्यकारी अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी रवि राय के साथ प्रदेश कांग्रेस सचिव सैयद मकसूद अली, शहर कांग्रेस महामंत्री अजय राठौर, सचिव बबलू पठान, योगेश सोलंकी, विनय बालदिया आदि ने इस कृत्य की निंदा करते हुए देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं पूर्व प्रधानमंत्रियों के विरुद्ध इस प्रकार के दुष्प्रचार एवं घटिया टिप्पणी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बदमाश देखता रह गया, पुलिस ने ध्वस्त करवा दी चौथी मंजिल

Fri Jan 28 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। कोट मोहल्ला में शुक्रवार को पुलिस ने नगर निगम के साथ मिलकर एक बदमाश की अवैध बनी चौथी मंजिल को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई पिता-पुत्र के अपराधिक रिकार्ड के कारण की गई है। मौके पर भी दोनों मौजूद थे, लेकिन भारी बल के कारण विरोध नहीं कर सके। […]

Breaking News