शिवरात्रि पर अमेरिकन डायमंड लगा मुकुट-वस्त्र करेंगे धारण महाकाल

उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में गुजरात के सूरत शहर से गुरुवार को आए एक भक्त ने भगवान महाकाल को श्रृंगार सामग्री में खूबसूरत अमेरिकन डायमंड का मुकुट, कुंडल, माला, चांदी का लोटा और भगवान कार्तिकेय के डायमंड लगे वस्त्र अर्पित किए हैं। बाबा को अर्पित इस भेंट से महाशिवरात्रि पर भगवान महाकाल का विशेष शृंगार किया जाएगा।

श्री महाकालेश्वर मंदिर के दरबार में दीपावली पर्व संपन्न होने के बाद सबसे अधिक श्रद्धालु गुजरात की ओर से आ रहे हैं। गुरुवार को भी बड़ी संया में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। गुजरात के सूरत शहर से आए व्यापारी किशन ने भगवान महाकाल को अमेरिकन डायमंड का मुकुट, कुंडल, माला, चांदी का लोटा और भगवान कार्तिकेय के डायमंड लगे वस्त्र अर्पित किए हैं। दानदाता ने बताया कि करीब डेढ़ महीने में अमेरिकन डायमंड से भगवान के लिए मुकुट माला व अन्य आभूषण तैयार हुए हैं। निर्माण के दौरान इसमें अमेरिकन डायमंड का उपयोग किया गया है।

सहायक प्रशासक की प्रेरणा

लंबे समय से भगवान महाकाल के लिए मुकुट बनाने की इच्छा थी, जिसे पूरा करने के बाद भगवान महाकाल को अर्पित करने के लिए लेकर पहुंचे हैं। दानदाता ने बताया कि वह मंदिर समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल से लगातार संपर्क में बने थे । उन्हीं के द्वारा जो प्रेरणा दी गई उससे ही भगवान के लिए आभूषण तैयार हुए हैं। हालांकि मुकुट व अन्य आभूषण की कीमत को लेकर उन्होंने कुछ भी नहीं बताया।

मंदिर समिति के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने कहा कि सूरत के दानदाता किशन भाई की लंबे समय से भगवान को कुछ नया अर्पित करने की इच्छा थी। इसीलिए उन्हें डायमंड से बने आभूषण अर्पित करने के लिए सुझाव दिया था। इन पर अमल करते हुए उन्होंने बड़ी लगन से अमेरिकन डायमंड से भगवान महाकाल के लिए आभूषण तैयार कर बाबा के चरणों में अर्पित करने के लिए यहां लेकर पहुंचे हैं। डायमंड से सजा मुकुट, माला, कुंडल, बाबा महाकाल को महाशिवरात्रि पर्व पर धारण कराए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राहुल गांधी से एक महीने पहले उज्जैन पहुंचेगी उनकी टीम

Fri Oct 28 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के आगमन से लगभग एक महीने पहले ही उनकी टीम के सदस्य उज्जैन पहुंच जाएंगे। यह टीम स्थानीय नेताओं के साथ सामंजस्य बैठाकर राहुल गांधी की आमसभा की तैयारी में जुट जाएगी। मध्यप्रदेश में […]