नकली पिस्टल दिखाकर लूटने वाले पुलिस के सहारे पहुंचे हॉस्पिटल

होटल कलश में दर्शनार्थियों से हुई लूट का 54 घंटे में खुलासा; कार से मिला इंदौर के बदमाशों का सुराग

उज्जैन,अग्निपथ। दिल्ली व विदिशा के दर्शनार्थियों के साथ दो दिन पहले कलश होटल में लूट करने वाले बदमाश इंदौर के निकले। वारदात में प्रयुक्त कार से सुराग मिलने के बाद पुलिस ने तीनों को दबोचकर लूटा गया कुछ माल बरामद कर लिया। खास बात यह है कि धड़पकड़ के दौरान भागते हुए तीनों घायल हो गए, जिसके कारण उन्हें जिला अस्पताल में इलाज के लिए ले जाना पड़ा।

इंदौर गेट स्थित कलश होटल के कंमरा नंबर १०१ मेेंं दिल्ली के सुनील कुमार व २०५ में विदिशा के चंद्रेश लोधी परिवार के साथ ठहरे थे। दोनो परिवार के साथ दर्शन करने आए थे। इसी दौरान १९ मार्च तडक़े 4 बजे मुंह पर कपड़ा बांधकर तीन बदमाश चाकू पिस्टल के दमपर उनके कमरों में घुसे और दोनों के परिवार से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी लूटकर भाग गए थे। होटल के सीसी टीवी कैमरों में बदमाशों के साथ उनकी लाल कलर की कार एमपी ०९ सीयू ४९८८ भी कैद हो गई थी।

पुलिस ने पोर्टल से नंबर के आधार पर मालिक को खोजा तो पता चला कार इंदौर स्थित खजराना के एहसान उर्फ भय्यू उर्फ सुरीला पिता सलीम खान (23) के पास है। पुलिस उसे तलाश रही थी इसी बीच मंगलवार सुबह बडऩगर रोड पर उक्त कार को तीन युवकों द्वारा धकाते हुए ले जाने की सूचना मिली। पुलिस पहुंची तो तीनों ने खेतों में दौड़ लगा दी,लेकिन गिरकर घायल होने से धरा गए।

पूछताछ करने पर सुरीला ने कबूला कि उसके साथ, हिना कॉलोनी खजराना का आरिफ पिता अब्दुल हमीद (33) व गांधी ग्राम का तौफिक पिता शब्बीर खान (24) है। उन्होंने होटल में लूट की थी। नतीजतन पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर जिला अस्पताल इलाज के लिए ले गई और इलाज करवाया। याद रहे लूट के शिकार परिवार महाकाल दर्शन के लिए आए थे।

तीनों आदतन अपराधी

पुलिस को पता चला है कि वारदात का मास्टर माईंड सुरीला है। उस पर इंदौर में लूट, चोरी, मारपीट के ३० केस है। उस पर रासुका भी लग चुकी है। आरिफ पर 17 और तौफिक पर 27 केस दर्ज है। तीनों आदतन नशेड़ी और अपराधी है। नशे में तीनों उज्जैन स्टेशन पर आ गए थे और सामने होटल दिखने पर लूट करने घुस गए। तीनों ने चाकू व लाइटर वाली पिस्टल से धमकाकर कर्मचारी को बंधक बनाया और यात्रियों के रूम खुलवाकर लूट की थी।

साथ में लेकर घूम रहे थे लूटा माल

एएसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि बदमाशों ने दोनों परिवारों से दो सोने की चेन, तीन अंगूठी, दो कान की बाली, टाप्स व २३ हजार रुपए लूटे थे। गिरफ्त में लेते ही उनके पास चाकू, नकली पिस्टल के साथ ही लूटे माले में से सोने की चेन,दो अंगूठी, चांदी का ब्रेसलेट,चेन व नकदी अठारह हजार रुपए बरामद हो गए। शेष माल का पता लगाने के लिए तीनों को बुधवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगेंगे।

इंदौर प्रशासन को लिखेंगे पत्र

पुलिस रिकार्डनुसार आरोपी आरिफ पूर्व में चिमनगंज क्षेत्र में रहता था। वहीं दोनों आरोपी भी इंदौर के है। तीनों के इंदौर में ही अपराधिक रिकार्ड है। उज्जैन में लूट की गंभीर वारदात करने पर एसएसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ल इंदौर पुलिस प्रशासन को उनकी संपत्ति की जांच कर अवैध होने पर ध्वस्त करने के लिए पत्र लिखेंगे।

आईजी देंगे ईनाम

एसएसपी शुक्ल ने बताया कि वारदात का खुलासा करनेे के लिए ३० अधिकारी-कर्मचारियों की टीम बनाई थी। लूटेरों का पता लगाकर पकडऩे में एसआई जयंत डामौर,प्रवेश जाटव,सीएल माले, भूपेंद्र चौहान, साईबर प्रभारी प्रतिक यादव, संजय यादव, एएसआई संतोष राव, प्रआ. मनीष यादव,सुनील पाटीदार, कुलदीप भारद्वाज, रुपेश बिड़वान, प्रेम सबरवाल, कृपांशकंर आरक्षक कपिल राठौर,अंकित सिंह चौहान, बलरामसिंह गुर्जर, अनीस मंसूरी, जितेंद्र पाटीदार व सैनिक विशाल की सराहनीय भूमिका रही। टीम को आईजी से ईनाम दिलवाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महाकाल महालोक की दुकानों में ‘महालक्ष्मी’ मेहरबान

Wed Mar 22 , 2023
हाइकोर्ट का स्थगन, फिर भी सवा लाख रूपए वर्ग फीट में बिकी दुकानें उज्जैन, अग्निपथ। महाकाल महालोक की दुकानों पर महालक्ष्मी मेहरबान हो गई है। महाकाल लोक का लोकार्पण होने के बाद से ही यहां श्रद्धालुओं की जिस अंदाज में भीड़ जुटने लगी है, उसकी वजह से महाकाल महालोक में […]