25साल-53 अपराध: छेनू के मकान पर एक साल में दूसरी बार चले हथौड़े

गुंडे की बेटी होना बना अभिशाप, मेहंदी की रस्म पर कार्रवाई से छाया मातम

उज्जैन, अग्निपथ। बदमाशों के अवैध मकान तोडऩे की मुहिम मेें गुरुवार को एक ओर बड़ी कार्रवाई हुई। पुलिस प्रशासन ने 25 साल से अपराध कर रहे फाजलपूरा के बदमाश के मकान पर फिर हथौड़े चलवा दिए। खास बात यह है कार्रवाई उस समय हुई जब एक माह पहले ही जेल से छूटा छेनू बेटी की शादी की तैयारी कर रहा था।

फाजलपुरा निवासी यूनुस उर्फ छेनू पिता बाबू डबल (45)1996 से अपराध कर रहा है। अब तक उस पर हत्या, जानलेवा हमले, नकबजनी, लूट, डकैती सहित करीब 53 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उसके रिकार्ड को देख गत वर्ष पुलिस प्रशासन ने गुंडों के मकान तोडऩे की मुहिम में उसका आशियाना ढहा दिया था। बावजूद उसने असामाजिक कृत्यों में लिप्त होकर फिर दो मंजिला अवैध मकान तान दिया था। जानकारी मिलने पर नगर निगम ने उसे 15 दिन पहले नोटिस जारी किया और गुरुवार दोपहर निगम अमला कार्रवाई के लिए पहुंच गया।

यहां परिजनों की गुहार के बाद भी निगम अमले ने उसके दो मंजिला मकान पर हथौड़े चला कर जर्जर कर दिया। इस दौरान सीएसपी पल्लवी शुक्ला, टीआई अमित सोलंकी, विक्रम इवने, गजेंद्र पचोरिया पुलिस फोर्स के साथ मौजूद थे। याद रहे बुधवार को महानंदा नगर में बंटी कल्याणी के अवैध अतिक्रमण का ढहाया गया था। मुहिम के चलते अब तक 60 से अधिक बदमाशों के मकान तोड़े जा चुके हैं।

पिता की सजा बेटी को

खास बात यह है कि छेनू करीब एक माह पहले ही डकैती की योजना बनाने के प्रकरण से जेल से बाहर आया और फिर अपराध में लिप्त हो गया। इसकी सजा उसकी बेटी सानिया को मिली। वजह निकाह तय होने पर गुरुवार को उसकी मेहंदी की रस्म चल रही थी। लेकिन इसी दौरान निगम व पुलिस फोर्स पहुंच गया। कार्रवाई की तैयारी देख छेनू की पत्नी व परिजन पुलिस प्रशासन से गुहार लगाने पर मजबूर हो गए, लेकिन आदेश को देखते हुए टीम ने मकान खाली करवाकर हथौड़े चला दिए।

तीन बार रासुका, एक बार जिलाबदर

कोतवाली टीआई सोलंकी ने बताया कि छेनू पर अपराध कर फरार होने के कारण अब तक पांच बार ईनाम घोषित किया जा चुका है। उस पर तीन बार रासुका लगाई गई और एक बार जिला बदर किया गया। बावजूद वह अपराध से बाज आने को तैयार नहीं है। इसी के चलते मकान तोडऩे की सूची में उसका दूसरी बार नाम दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

खाकी अखाड़ा में मना श्रीराम जन्मोत्सव, सीता राम के भजन गूंजे

Thu Dec 30 , 2021
संसार में सबसे बड़ा दु:ख जन्म लेना और मरना – रामानंददास महाराज उज्जैन, अग्निपथ। संसार में चार प्रकार के पुत्र होते हैं एक ओजस पुत्र जो माता पिता के तेज से उत्पन्न होता है, नाद पुत्र जो गुरू मंत्र देते है तो वह शिष्य भी पुत्र समान है, तीसरा भाव […]

Breaking News