73 की उम्र में 1600 किलोमीटर खुद साइकिल चलाकर पद्मश्री सेठ उज्जैन आए

padmshree kiran seth cycling in ujjain 03 05 22

नगर में हुआ स्वागत, सेठ बोले – पर्यावरण की रक्षा व स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाना जरूरी

उज्जैन, अग्निपथ। पद्मश्री से सम्मानित डॉ. किरण सेठ 1600 किलोमीटर लंबी साइकिल यात्रा करते हुए मंगलवार को उज्जैन पहुंचे। यहां ज्योतिनगर में उनका स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। पत्रकारों से चर्चा में डॉ. सेठ ने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण एवं स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाना जरूरी है। वे बडऩगर से उज्जैन पहुंचे थे और यहां से आगे तराना होते हुए यात्रा पर निकलेंगे।

डॉ. सेठ भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में एक जाना पहचाना नाम हैं। आईआईटी दिल्ली में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद डॉ. किरण सेठ ने पर्यावरण और संस्कृति को साथ जोड़ते हुए साइकिल विथ स्पिक मैके के नाम से एक नई शुरुआत की है।

अंतर्रष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त भारतीय संस्कृति को युवाओं तक पहुंचाने वाले आंदोलन स्पीक मैके के संस्थापक डॉ. किरण सेठ का कहना है कि अब वह समय आ गया है जब हमें पर्यावरण से अपने रिश्ते को और मजबूत बनाने के लिए अपनी यात्राओं के ऐसे साधन भी ढूंढने होंगे जो पर्यावरण को कम से कम नुकसान पहुंचाएं। साइकिल विद स्पिक मैके एक ऐसा ही प्रयास है।

11 मार्च को राजघाट दिल्ली से डॉ. सेठ ने इस साइकिल यात्रा की शुरुआत की थी। वे दिल्ली से राजस्थान होते हुए साबरमती आश्रम तक गए और विभिन्न शहरों से होते हुए उनकी यात्रा का पड़ाव मध्यप्रदेश का प्रमुख नगर उज्जैन भी बना। वे 3 मई को प्रात: 9:30 बजे उज्जैन पहुंचे।

उज्जैन आगमन पर पद्मश्री डॉ. सेठ का स्पीक मैके उज्जैन के पंकज अग्रवाल, डॉ. संदीप कुलश्रेष्ठ, डॉ. विवेक बनसोड़, अप्रतुलचंद्र शुक्ला आदि ने स्वागत किया। डॉ. सेठ अपने साथ यात्रा में केवल एक बेग लेकर चल रहे हैं जिसमें उनके जरूरी कपड़े, तोलिया व खाने के लिए मूंगफली आदि सामान होता है।

3 दिन उज्जैन में, युवाओं से करेंगे संवाद, 5 मई को प्रदेश सम्मेलन

स्पीक मैके की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य उज्जैन के ही संस्कृति कर्मी पंकज अग्रवाल ने बताया कि डॉ. किरण सेठ के तीन दिवसीय प्रवास में वे विभिन्न संस्थानों के युवाओं के साथ संवाद करेंगे और पूरे मध्यप्रदेश में फैले हुए विभिन्न अध्याय से जुड़े हुए समर्पित कार्यकर्ता भी इस अवसर पर उनके साथ होंगे।

श्री अग्रवाल ने कहां कि भारतीय संस्कृति से जुड़ाव रखने वाले जो युवा इस आंदोलन का सहयोग करना चाहते है वह 5 मई 2022 को शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज इंदौर रोड पर प्रात: 11 बजे आयोजित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में भाग लेकर आंदोलन को मजबूती प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आज से हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी पूरक परीक्षा के आवेदन भरे जा सकेंगे

Tue May 3 , 2022
उज्जैन, अग्निपथ। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल के आदेशानुसार आज 4 मई से हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल परीक्षा के पूरक परीक्षा के आवेदन भरना प्रारंभ हो जाएंगे। परीक्षार्थी आज से परीक्षा प्रारंभ होने के 1 दिन पूर्व 19 जून तक आवेदन निर्धारित शुल्क जमा करके परीक्षा में शामिल हो […]