दिलीप कुमार के गम में सायरा की सेहत बिगड़ी

मुंबई। 54 सालों से दिलीप कुमार के साथ जीती रहीं सायरा बानो के लिए अब एक-एक सांस लेना दूभर हो रहा है। दिलीप साहब को गुजरे लगभग दो महीने हो चुके हैं, लेकिन वे उनकी मौत के गम से नहीं उबर पा रही हैं। भारी सदमे का असर उनकी हेल्थ पर हुआ है। पिछले 3 दिनों से वे हिंदुजा अस्पताल के ICU में भर्ती हैं।

सायरा बानो की तबीयत स्टेबल बताई जा रही है, मगर उनका बीपी नॉर्मल नहीं हो रहा। ऑक्सीजन लेवल लो ही रहता है, जिसकी वजह से सांस लेने में दिक्कत हो रही है। शायद, उन्हें और तीन-चार दिन अस्पताल में रहना पड़ेगा।

परिवार के करीबी लोग बताते हैं कि सायरा बानो दिलीप कुमार के गम में अपने आप में सिमट गई हैं। वह ना किसी से कुछ बोलती हैं, ना किसी से मिलती हैं। सारी दुनिया को भुलाकर उन्होंने दिलीप साहब की यादों को ही अपनी पूरी दुनिया बना लिया है।

दो महीने पहले 7 जुलाई को दिलीप कुमार की मौत ने उनके लाखों चाहनेवालों को गम में डुबो दिया था, लेकिन उन सारे चाहने वालो के लिए दिलीप कुमार स्क्रीन पर दिखने वाले एक स्टार थे। जिन्हें वे आज भी स्क्रीन पर देख सकते हैं।

मगर, सायरा के लिए तो दिलीप कुमार ही पूरी जिंदगी थे। 54 साल से उन्होंने अपने आपको दिलीप कुमार की देखभाल में ही व्यस्त कर लिया था। उनके लिए इस सदमे से बाहर आ कर खुद अपने लिए ही जीना दुश्वार है।

अक्सर बीमार रहती हैं, ज्यादा बोलतीं भी नहीं
परिवार के लोग बताते हैं कि सायरा गम के समंदर में डूब चुकी हैं। असर उनकी तबीयत पर हो रहा है। तीन दिन पहले खाना खाने के बाद उनकी सेहत और खराब हुई, तो उन्हें अस्पताल लाया गया। पिछले सालों में लोगों ने बार-बार दिलीप कुमार को अस्पताल में भर्ती होते हुए और फिर ठीक होकर बाहर निकलते देखा था। हर वक्त सबके सामने एक तस्वीर आती थी। दिलीप कुमार व्हीलचेर पर अपने उसी अंदाज के साथ बैठे हैं और उनके साथ सायरा बानो एक चट्‌टान की तरह खड़ी हैं।

दिलीप कुमार सायरा को अपने बाजू में खड़ा देखकर और कुछ समय जी लेने का हौसला जुटा लेते थे। मगर, सायरा के लिए ऐसा हौसला देने वाला कोई आधार नही है।

76 साल की हैं सायरा बानो
सायरा खुद भी 76 साल की हैं, लेकिन उन्होंने अपनी बढ़ती उम्र को कभी खुद पर हावी नही होने दिया था, क्योंकि उन्हें अपने से 22 साल बड़े दिलीप कुमार को संभालना था। सायरा 22 साल की थीं, जब उन्होंने दिलीप कुमार से शादी कर ली थी। इसके बाद ताउम्र उन्होंने जिस तरह दिलीप कुमार की सेवा की, वह अपने आप में एक मिसाल है। परिवार वालों को यह समझ नहीं आ रहा कि सायरा को कैसे स्वस्थ्य रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

केबीसी 13:हिमानी बुंदेला का 7 करोड़ रुपए जीतने का सपना रह गया अधूरा

Wed Sep 1 , 2021
नहीं दे सकीं इस सवाल का जवाब मुंबई। ‘कौन बनेगा करोड़पति 13’ को पहला करोड़पति कंटेस्टेंट हिमानी बुंदेला में मिला। मंगलवार रात प्रसारित हुए एपिसोड में आगरा की 25 वर्षीय शिक्षिका ने नूर इनायत खान पर एक सवाल का जवाब देकर 1 करोड़ रुपए जीते। हालांकि, जब उनसे 7 करोड़ […]