गुजरात के मुख्यमंत्री रुपाणी ने दिया इस्तीफा

Vijay rupani cm gujrat

नया नेता चुनने के लिए भाजपा की बैठक आज, अहमदाबाद पहुंचेंगे अमित शाह

अहमदाबाद,। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने चुनाव से एक साल पहले अचानक पद से इस्तीफा दे दिया। नया नेता चुनने के लिए भाजपा ने गांधीनगर में रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस मीटिंग से पहले गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद पहुंचेंगे। उनका आज शाम को ही गांधीनगर पहुंचने का कार्यक्रम है।

नए सीएम की रेस में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, गुजरात के उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल और गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल के नाम शामिल हैं। इनमें मांडविया सबसे आगे बताए जा रहे हैं। शनिवार दोपहर को मनसुख मांडविया और नितिन पटेल गांधीनगर में बीजेपी कार्यालय पहुंचे।

रुपाणी बोले- मैंने अपनी जिम्मेदारी पूरी की

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में समय के साथ दायित्व बदलते रहते हैं। भाजपा में यह स्वाभाविक प्रक्रिया है। मुझे 5 साल के लिए मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिली, जो मैंने पूरी की है। अब नई लीडरशिप में गुजरात का विकास जारी रहना चाहिए।

माना जा रहा है कि इस बदलाव के पीछे अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव है। मुख्यमंत्री बदलने से जनता की नाराजगी को कम किया जा सकेगा और कुछ उम्मीदें जागेंगी। इससे अगला चुनाव जीतने में मदद मिलेगी।

कांग्रेस बोली- दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से चल रही गुजरात सरकार

रुपाणी के इस्तीफे पर गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने कहा है कि गुजरात सरकार को दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से चलाया जा रहा है। कोरोना में अव्यवस्था और नाकामी की वजह से लोगों में नाराजगी थी। ऐसे में भाजपा सीएम बदलकर लोगों को गुमराह कर रही है। उसने उत्तराखंड में भी यही किया है।

रुपाणी ने कहा- 2022 का चुनाव मोदी जी की अगुआई में लड़ेंगे

रुपाणी ने कहा कि जेपी नड्डा जी का भी मार्गदर्शन मेरे लिए अभूतपूर्व रहा है। अब मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी मैं उसका निर्वहन करूंगा। हम पद नहीं जिम्मेदारी कहते हैं। मुझे जो जिम्मेदारी मिली थी वह मैंने पूरी की है। हम प्रदेश के चुनाव नरेंद्र मोदी जी की अगुआई में लड़ते हैं और 2022 का चुनाव भी उन्हीं की अगुआई में लड़ा जाएगा।

बता दें रुपाणी ने 26 दिसंबर 2017 को दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की

शपथ ली थी। भाजपा ने गुजरात में 2017 के चुनाव में 182 सीटों में से 99 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था। फिर रुपाणी विधायक दल के नेता और नितिन पटेल उपनेता चुने गए थे। रुपाणी फिलहाल राजकोट (पश्चिम) सीट से विधायक हैं।

बीते कुछ दिनों से चल रही थीं नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें

बीते कुछ दिनों से गुजरात सरकार में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें लग रही थीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार रात करीब 8 बजे अचानक अहमदाबाद पहुंचे थे। उनके गुजरात आने का कोई तय शेड्यूल नहीं था। एयरपोर्ट पर अमित शाह का स्वागत करने राज्य गृहमंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा, मेयर किरीट परमार और स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन हितेश बारोट पहुंचे थे।

हालांकि गुरुवार रात को अमित शाह अपनी बहन के घर पहुंचे थे तो लगा कि पारिवारिक काम से आए होंगे, लेकिन अब लग रहा है कि शायद सत्ता में बदलाव के सिलसिले में ही वे गुजरात पहुंचे होंगे।

Next Post

भस्मारती में रहा सोशल डिस्टेंसिंग का अभाव, पहले दिन 696 श्रद्धालु हुए शामिल

Sat Sep 11 , 2021
अल सुबह से ही श्रद्धालु लग गए थे कतार में, प्रोटोकॉल प्राप्त श्रद्धालुओं पर दर्शन के लिए 100 रुपए शुल्क लागू उज्जैन, अग्निपथ। शनिवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर में 17 महीने बाद श्रद्धालुओं को भस्म आरती देखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भस्म आरती में शामिल होने सबसे अधिक बाहर के […]
bhasmarti भस्मारती

Breaking News