बदनावर के खेरवास के पास करीब 65 एकड़ भूमि में स्थापित होगा बड़ा सोयाबीन प्लांट

मुख्यमंत्री वर्चुअली जुडक़र करेंगे भूमिपूजन, उद्योग मंत्री राजवर्धन दत्तीगांव रहेंगे उपस्थित

बदनावर, अग्निपथ। प्रदेश के उद्योग मंत्री व क्षेत्रीय विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव रविवार को अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में क्षेत्र को बड़े उद्योग के रूप में सौगात देने जा रहे है। खेरवास के पास सोयाबीन प्लांट का भूमिपूजन 9 किया जाएगा। देश का अग्रणी कृषि आधारित उद्योग समूह एबिस एक्सपोर्ट्स इंडिया प्रा. लि. आईबी ग्रुप इस बड़े उद्योग की स्थापना बदनावर में करने जा रहा है।

खेरवास के पास करीब 65 एकड़ एरिया में साढ़े तीन सौ करोड़ से अधिक की लागत से स्थापित प्लांट के रविवार सुबह 10 बजे होने वाले भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी वर्चुअली जुड़ेंगे। साथ ही यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव रहेंगे। मध्यप्रदेश उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ला विशेष अतिथि रहेंगे। कार्यक्रम में आईबी ग्रुप के फाउंडर व मेनेजिंग डायरेक्टर बहादुर अली के साथ कंपनी के डायरेक्टर गुलरेज़ आलम एवं अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

उद्योग समूह के मैनेजिंग डायरेक्टर बहादुर अली ने बताया कि प्लांट बनने से ढाई हजार से अधिक लोगो को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। इस प्लांट में सोया क्रशिंग, रिफाइनरी व लाइव स्टॉक फिड़ का उत्पादन होगा। जिसके लिए सालाना लगभग 7 लाख मैट्रिक टन सोयाबीन की आवश्यकता होगी, जो कि मध्यप्रदेश के सोया किसानों से खऱीदी जाएगी। इससे किसानों की आय दोगुनी करने का अवसर प्राप्त होगा। भूमिपूजन के तत्काल बाद प्लांट के निर्माण का कार्य भी शुरू किया जाएग जो जल्द ही बनकर तैयार हो जाएगा।

बदनावर सोयाबीन का प्रमुख केंद्र है, यहां होता है बंपर उत्पादन

मालूम हो कि क्षेत्र में सोयाबीन की फसल खरीफ की मुख्य फसल है। सोयाबीन करीब 74 हजार 135 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में बोई जाती है। जो कुल हेक्टेयर का 90 प्रतिशत है तथा अच्छी गुणवत्ता पूर्ण सोयाबीन का उत्पादन होने व अच्छे भाव में बिकने से यह किसानो की पहली पसदं बनी हुई है।

बदनावर में सम्बंधित व्यापारियों द्वारा इसकी खरीदी कर बड़ी मात्रा में घाटाबिल्लोद, पीथमपुर में स्थित सोयाबीन प्लांटों में भेजी जाती है। किंतु अब बदनावर में ही सोया संबंधित उद्योग खुलने से किसानो को अपनी सोयाबीन के उचित दाम भी मिलेंगे व उद्योग को भी कम समय व आसानी से कच्चा माल भी मिल जाएगा व परिवहन में भी लागत कम आएगी।

विकास व रोजगार के खुलेंगे द्वार

इस संबंध में प्रदेश सरकार के उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने बताया कि क्षेत्र में सोया संबंधित इस बड़े उद्योग की स्थापना से क्षेत्र के विकास के द्वार खुलेंगे। साथ ही व्यापार व्यवसाय भी बढ़ेगा ओर बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महिदपुर में 9 पॉजिटिव के साथ कोरोना की तीसरी लहर का आगाज

Sat Jan 8 , 2022
सरकारी दफ्तरों में जिम्मेदार ही नहीं कर रहे गाइडलाइन का पालन महिदपुर ( विजय चौधरी), अग्निपथ। आखिर जिस बात को लेकर क्षेत्र में भय था, वह हकीकत में घटित हो ही गई। शुक्रवार देर रात्रि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी उज्जैन द्वारा जारी कोरोना बुलेटिन में महिदपुर ब्लॉक से 10 […]
Mahidpur hospitla corona ward 080122

Breaking News