साड़ी व्यापारी पर छेड़छाड़ का आरोप झूठा निकला, सीसीटीवी ने खोली सच्चाई

CCtv camera

उज्जैन, अग्निपथ। नईपेठ इलाके में एक महिला ने क्षेत्र के एक व्यापारी पर छेड़छाड़ किए जाने के आरोप लगाए हैं। यह महिला शिकायत लेकर थाने पर पहुंची तो पुलिस ने बाजार के सीसीटीवी फुटेज खंगलवा लिए, किसी भी फुटेज में छेड़छाड़ तो दूर महिला बाजार में दिखी ही नहीं। इसके बावजूद यह महिला अपनी बात पर अड़ी रही और व्यापारी पर एफआईआर दर्ज करने के लिए दबाव बनाती रही। इस घटना के विरोध में मंगलवार को नईपेठ के व्यापारी भी खाराकुआं थाने पर पहुंचे और झूठी शिकायत करने वाली महिला के खिलाफ कार्यवाही की मांग करने लगे।

नईपेठ में घूंघटघर के नाम से साड़ी की दुकान चलाने वाले व्यापारी 55 वर्षीय प्रदीप नवाब के खिलाफ शिकायत लेकर एक महिला सोमवार की शाम खाराकुआं थाने पर पहुंची थी। महिला का कहना था कि प्रदीप नवाब ने उसका हाथ पकड़ा और छेड़छाड़ की। महिला की शिकायत के बाद उसके आरोपों की पुष्टी के लिए नईपेठ की दो दुकानों के करीब 4 घंटे के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए। सभी फुटेज में व्यापारी दुकान पर बैठा नजर आया लेकिन किसी भी फुटेज में महिला नजर नहीं दिख रही है।

जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के हरी नगर में रहने वाली 23 साल की यह महिला व्यापारी प्रदीप नवाब के खिलाफ कार्यवाही कराने पर अड़ी रही। वह व्यापारी के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए दबाव बनाती रही। खाराकुआं थाने से सोमवार शाम को पुलिसकर्मी प्रदीप नवाब को थाने ले आए थे, उन्हें कुछ देर तक थाने में बैठाए रखा गया और इसके बाद छोड़ दिया गया।

इस घटना के बाद मंगलवार को नईपेठ व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय अग्रवाल के नेतृत्व में बाजार के व्यापारी खाराकुआं थाने पर पहुंचे। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि शहर में इस तरह की कई गैंग सक्रिय है जो झूठी शिकायतों को आधार बनाकर व्यापारियों को ब्लेकमेल कर रही है। आरोप लगाने वाली महिला यह भी बताती है कि उसने प्रदीप नवाब की दुकान पर एक महीने तक काम भी किया है, इसके ठीक उलट व्यापारी प्रदीप नवाब का कहना है कि महिला ने कभी उनकी दुकान पर काम नहीं किया।

1200 रुपए की उधारी बनी मुसीबत

घूंघट घर के संचालक प्रदीप नवाब के मुताबिक 2 साल पहले दुकान पर काम करने वाले एक कर्मचारी के कहने पर इस महिला को 1200 रूपए की साड़ी उधार दी थी। कोरोना काल में इस कर्मचारी की मृत्यु हो गई। करीब एक महीने पहले यह महिला बाजार में नजर आई तो प्रदीप नवाब ने पहचान लिया और पुराने बकाया रूपयों की उधारी मांगी। तब महिला ने प्रदीप नवाब के साथ अभद्रता की थी।

इस घटनाक्रम के बाद सोमवार शाम को यह महिला प्रदीप नवाब के खिलाफ छेड़ाछाड़ की शिकायत लेकर खाराकुआं थाने पर पहुंच गई। खाराकुआं थाना प्रभारी रविंद्र कटारे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कहीं भी महिला दिखाई नहीं दे रही है लिहाजा उसके द्वारा लगाए गए आरोप अब तक की जांच में झूठे ही साबित हुए है। फिलहाल इस प्रकरण में किसी के खिलाफ कार्यवाही नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

परिवार सोता रहा, चोर अलमारी में से जेवरात ले उड़ा

Tue May 10 , 2022
मालिक के घर चोरी के आरोप में नौकर पकड़ाया उज्जैन, अग्निपथ। देर रात शहर में दो स्थानों पर चोरी की वारदात हुई है। फाजलपुरा में परिवार पहले माले पर सोता रहा और चोर नीचे के कमरे से हजारों का माल ले उड़े। वहीं जयसिंहपुरा में एक नौकर ने ही मालिक […]