नगर निगम अध्यक्ष पद के लिएकी पार्षदों से रायशुमारी

नगर निगम

आज प्रदेश अध्यक्ष तक पहुंचेगी रिपोर्ट, आगे रहे तीन नाम

उज्जैन, अग्निपथ। नगर निगम अध्यक्ष पद के लिए भाजपा में रायशुमारी का दौर पूरा हो गया है। बुधवार को भोपाल से आए पर्यवेक्षक ने उत्तर और दक्षिण क्षेत्र के पार्षदों को अलग-अलग समय में भाजपा कार्यालय बुलाकर बात की। पार्टी से जुडे सूत्र बताते है कि पार्षदों से हुई बातचीत के बाद अब निगम अध्यक्ष पद के लिए तीन ही नाम आगे रह गए है। कलावती यादव, शिवेंद्र तिवारी और सत्यनारायण चौहान के नामों की पैनल को संभवत: गुरूवार को ही प्रदेश अध्यक्ष के सामने रख दिया जाएगा।

6 अगस्त को नगर निगम अध्यक्ष पद के लिए पहले सम्मेलन में चुनाव होना है। भाजपाई खेमे में 37 पार्षद है, इनमें से 7 पार्षद अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल है। अध्यक्ष पद के लिए कोई एक नाम चुनने के लिए प्रदेश संगठन ने म.प्र. हाउसिंग बोर्ड के चेयरमेन आशुतोष तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी थी। तिवारी सोमवार को उज्जैन आकर वापस इंदौर चले गए थे। बुधवार सुबह वे फिर से शहर आए।

यहां सुबह 11 बजे उज्जैन दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के 20 पार्षदों को तलब किया गया। सभी से बंद कमरे में पर्यवेक्षक तिवारी ने अलग-अलग बात की। दोपहर बाद उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र के 17 पार्षदों को भी रायशुमारी के लिए बुलाया गया था। पार्षदों से बातचीत के बाद आशुतोष तिवारी ने प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, पूर्व व वर्तमान विधायक व नगर पदाधिकारियों के साथ भी बातचीत की है। संभावना है कि गुरूवार को वे अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा को भेज देंगे।

शीर्ष पर तीन नाम

पार्षदों से हुई रायशुमारी के बाद स्थानीय संगठन स्तर से जो खबरे छनकर आ रही है, उसके मुताबिक दक्षिण क्षेत्र के लगभग सभी पार्षदों ने नगर निगम अध्यक्ष पद प्रत्याशी के तौर पर कलावती यादव के नाम पर ही सहमति व्यक्त की है। दक्षिण क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष ही पार्षदों को पर्यवेक्षक के पास लेकर पहुंचे थे। उत्तर क्षेत्र के पार्षदों में कुछ एक को छोडक़र सत्यनारायण चौहान और शिवेंद्र तिवारी के नामों पर अपनी सहमति व्यक्त की है।

नगर भाजपा के एक खेमे ने जैसे ही उत्तर से इन दो के नाम सामने आने आए वैसे ही महिला कार्ड भी खेलने की कोशिश की। घर का वार्ड हारे हुए दो नेता योगेश्वरी राठौर को अध्यक्ष का पद दिलाने के प्रयास में जुटे हुए है।

कलावती यादव ने किए पार्षदों को फोन

बुधवार को 6 बार की पार्षद कलावती यादव ने व्यक्तिगत तौर पर भाजपा के सभी पार्षदों को व्यक्तिगत फोन कर अपने लिए नगर निगम अध्यक्ष पद समर्थन मांगा। कई पार्षदों के बीच चर्चा थी कि कलावती यादव ने पिछले कई सालों में अपने साथी पार्षदों को कभी फोन नहीं किया था, अब जबकि अध्यक्ष की कुर्सी का सवाल है वे अपने लिए समर्थन जुटा रही है।

अब एक दिन पहले शपथ विधि

नगर निगम की नई परिषद के शपथ विधि कार्यक्रम में बुधवार की शाम एकाएक फेरबदल कर दिया है। पहले पार्षदों की शपथ 6 अगस्त को ही नगर निगम परिसर में सुबह 10.30 बजे से की जाना थी। महापौर मुकेश टटवाल व अन्य भाजपा नेताओं से रायशुमारी के बाद शपथ विधि समारोह 6 अगस्त की बजाए 5 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे से कालिदास अकादमी परिसर कोठी रोड पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सभी पार्षदों को भी बुधवार की शाम ही इसकी जानकारी भी भिजवा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

चामुंडा माता मंदिर समिति रचेगी कीर्तिमान

Wed Aug 3 , 2022
गोल्डन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड की टीम आएगी उज्जैन उज्जैन, अग्निपथ। चामुंडा माता मंदिर भक्त समिति शाही सवारी के अवसर पर सबसे ज्यादा मात्रा में फरियाली खिचड़ी वितरण कर कीर्तिमान रचने की तैयारी में है। द गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम द्वारा इस हेतु उज्जैन आने की स्वीकृति […]