रंगोली, रंग-बिरंगी छतरियों, ध्वजाओंं से सजेगा महाकाल सवारी मार्ग

रंगबिरंगी आतिशबाजी भी होगी, सवारी में शामिल पंडे पुजारियों को कोविड टेस्ट के बाद ही मिलेगा प्रवेश

उज्जैन, अग्निपथ। श्रावण-भाद्रपद माह में इस वर्ष भगवान महाकाल की सात सवारियां निकाली जाएंगी। सवारियां 26 जुलाई, 02 अगस्त, 09 अगस्त, 16 अगस्त, 23 अगस्त , 30 अगस्त एवं शाही सवारी 06 सितम्बर को निकाली जाएगी। मंदिर प्रशासन ने सवारी मार्ग को संवारने का काम शुरू कर दिया है। पिछले वर्ष की ही तरह सवारी मार्ग को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। भगवान महाकाल और हरसिद्धि का मिलन भी होगा।

सवारी श्री महाकालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर बड़ा गणेश मंदिर के सामने से होते हुए हरसिद्धि मंदिर के समीप से नृसिंह घाट रोड पर सिद्धआश्रम के सामने से क्षिप्रा तट रामघाट पहुंचेगी। रामघाट पर पूजन के पश्चात सवारी रामानुजकोट, हरसिद्धि पाल से हरसिद्धि मंदिर के सामने से होकर बड़ा गणेश मंदिर के सामने से श्री महाकालेश्वर मंदिर वापस आएगी। गतवर्षानुसार इस वर्ष भी श्री महाकालेश्वर भगवान सवारी में नगर भ्रमण के दौरान मां हरसिद्धि से भी भेंट करेगी। जहां मंदिर के पुजारियों द्वारा बाबा महाकाल एवं मां हरसिद्धि की आरती की जाएगी। संपूर्ण सवारी मार्ग रंगोली, विभिन्न प्रकार की रंग-बिरंगी छतरियोंं, ध्वजाओं, सतरंगी आतिशबाजी आदि के साथ सजा रहेगा।

कोविड टेस्ट के बाद ही मिलेगा प्रवेश

सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए निकलने वाली सवारी से संबंधित समस्त गतिविधियों में कार्यरत पुजारी, पुरोहित, प्रतिनिधि, कर्मचारी, कहार, तोपची, महावत इत्याादि व्यक्तिगत जो सवारी में सम्मिलित होंगे। उनका अनिवार्य रूप से कोविड -19 का परीक्षण करवाया जा रहा है। कोविड-19 महामारी को दृष्टिगत रखते हुए व्यवस्था में लगे सभी लोगों को अनिवार्यत: मास्क धारण करने व समय-समय पर सेनिटाइजर का उपयोग करते रहने हेतु निर्देश दिये गये हैं। सवारी में सीमित संख्या- में अधिकृत व्यक्ति ही शामिल हो सकेंगे।

सवारी का लाइव प्रसारण होगा

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति एवं प्रशासन द्वारा कोविड-19 के दौरान सभी सुरक्षात्मक प्रयास करते हुए सवारी एवं दर्शन संबंधी व्यवस्थाएं की गई है। मंदिर प्रबंध समिति द्वारा समिति की वेबसाइट व सभी स्थानीय चैनलों एवं फेसबुक पेज पर भगवान की सवारी का लाइव प्रसारण किया जावेगा। जिससे उज्जैन सहित देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु बाबा श्री महाकाल के दर्शन व सवारी के सीधे प्रसारण का लाभ घर पर ही प्राप्त कर सकेंगे।

मंदिर के पट खुलने के समय में परिवर्तन

श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण-भाद्रपद माह में मंदिर के पट खुलने के समय में प्रतिवर्षानुसार परिवर्तन किया गया है। श्री महाकालेश्वर भगवान की भस्मार्ती में दिनांक 25 जुलाई से 06 सितम्बर तक पट खुलने का समय प्रात: 03 बजे होगा तथा प्रत्येक सोमवार को मंदिर के पट प्रात: 2.30 बजे खुलेंगे। 07 सितम्बर से पट खुलने का समय पूर्ववत हो जायेगा। श्रावण-भाद्रपद माह के प्रत्येक सोमवार को प्रात: 11 बजे के बाद मन्दिर की ओर आने-जाने के मार्ग बन्द कर दिये जायेंगे। कोविड प्रोटोकाल के तहत तय किये गये नवीन सवारी मार्ग पर भी धारा-144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू किये गये हैं। इसके तहत आमजन के सवारी मार्ग पर एकत्रित होने पर रोक लगाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

भानजे की छह साल की बच्ची से हरकत की थी ,जेल भेजा

Sat Jul 24 , 2021
उज्जैन,अग्निपथ। छह साल की मासूम से गंदी हरकत करने वाले को नीलगंगा पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। आरोपी पीडि़ता के पिता का मामा लगता है और दो दिन पहले वारदात कर फरार हो गया था। बदनावर स्थित ग्राम बारोली निवासी मनीष पिता जगदीश (32) 22 जुलाई को संजयनगर […]

Breaking News