चिंतामण को पहला निमंत्रण शहर में बंटेंगे एक लाख कार्ड

आज शाम महाकालेश्वर की सवारी में शामिल होंगे मुख्यमंत्री शिवराज

उज्जैन, अग्निपथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले मंगलवार को शहर के जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की सफलता की कामना से चिंतामण मंदिर पहुंचकर भगवान गणपति को निमंत्रण दिया है। भगवान चिंतामण गणेश को निमंत्रित करने के बाद अब पूरे शहर में लगभग 1 लाख निमंत्रण कार्ड बांटे जाएंगे। राज्यशासन की कोशिश है कि 11 अक्टूबर वाला समारोह उज्जैन में अब तक के सबसे भव्य समारोह के रूप में दर्ज किया जाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को भगवान महाकालेश्वर के मंदिर के विस्तारित परिसर महाकाल लोक का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री 11 अक्टूबर की शाम 6 बजे उज्जैन आएंगे, यहां मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत वे महाकाल लोक का लोकार्पण करेंगे और इसके बाद कार्तिक मेला ग्राउंड पर प्रधानमंत्री की बड़ी आमसभा होगी। इस आमसभा में 50 हजार से ज्यादा लोगों को जुटाने का लक्ष्य है।

प्रधानमंत्री की आमसभा और महाकाल लोक के लोकार्पण का समारोह भव्य और ऐतिहासिक रहे इसलिए पूरे शहर में संस्कृति मंत्रालय की तरफ से लगभग 1 लाख निमंत्रण कार्ड बांटे जाएंगे। मंगलवार को नगर के प्रथम नागरिक महापौर मुकेश टटवाल, उच्चशिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, नगर निगम अध्यक्ष कलावतीय यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भगवान चिंतामण गणेश को पीले चावल अर्पित कर कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रार्थना की और उन्हें निमंत्रण दिया। इस दौरान भाजपा के भी कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

आज 4 घंटे शहर में मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री

350 करोड़ रूपए की लागत से महाकाल लोक के पहले चरण का काम पूरा हुआ है। मंदिर का विस्तारित परिसर अब 2 हेक्टेयर से लगभग 10 गुना बढक़र 20 हेक्टेयर हो चुका है। महाकाल लोक के बचे हुए सारे काम पूरे कर लिए गए है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार 10 अक्टूबर को एक बार फिर से महाकाल लोक का निरीक्षण करने आएंगे। मुख्यमंत्री बुधवार की शाम को निकलने वाली भगवान महाकालेश्वर की सवारी में भी शामिल होंगे।

यह पहला अवसर होगा जब दशहरे की सवारी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल होने उज्जैन आ रहे है। महाकालेश्वर की सवारी में शामिल होकर शिवराज सिंह चौहान खुद शहर के लोगों को 11 अक्टूबर के कार्यक्रम के लिए निमंत्रित करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 3.15 बजे उज्जैन पहुंचेंगे, सवारी में शामिल होने के बाद शाम 7 बजे वे उज्जैन से इंदौर के लिए रवाना हो जाएंगे।

नगरीय प्रशासन मंत्री भी आज शहर में

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह भी बुधवार को उज्जैन में मौजूद रहेंगे। भूपेंद्र सिंह दोपहर 12.15 बजे उज्जैन आ जाएंगे। दोपहर 12.45 बजे वे महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और इसके बाद महाकाल लोक के कार्यो का निरीक्षण करने के साथ ही अधिकारियों के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

यह भी पढ़ेंः आज परंपरागत मार्ग से ही निकलेगी महाकाल सवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

एरिया मैनेजर और प्रोफेसर के घर लाखों की चोरी

Tue Oct 4 , 2022
कैमरे में कैद दिखे दोनों वारदातों के सात बदमाश उज्जैन, अग्निपथ। शहर के 2 थाना क्षेत्रों में बीती रात चोरों की गैंग दशहरा मनाने के लिए पहुंची। गैंग ने पहले प्रोफेसर के मकान पर धावा बोला उसके बाद निजी फैक्ट्री के एरिया मैनेजरके घर लाखों की चोरी की। नागझिरी और […]

Breaking News