शाजापुर में पारा 45 पार, रात में भी सता रही गर्मी

शाजापुर, अग्निपथ। आसमान से आग बरसने का क्रम लगातार जारी है। गुरूवार को शहर में इस साल का सबसे अधिकतम तापमान रहा जो 45 के पार पहुंच गया। जबकि नवतपा की शुरूआत शनिवार से होगी। लेकिन उसके पहले ही लोग गर्मी की मार से हलाकन हो रहे हैं।

दिन की शुरूआत से ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए थे। अलसुबह से ही लोगों के पसीने छूटने लगे थे। दोपहर 12 बजे बाद लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया और बाजारों में भी सन्नाटा पसर गया और लोग एसी और कूलर से गर्मी से राहत पाने का प्रयास करने लगे थे फिर भी लोगों को राहत नहीं मिल रही थी। मौसम विभाग की माने तो तापमान अभी और बढ़ेगा। जो 30 मई तक 45 से 46 डिग्री सेल्सियस या इससे भी अधिक जा सकता है।

बारिश के नहीं आसार

मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि गुरूवार का दिन इस सीजन का सबसे अधिक गर्म दिन रहा। तो रात भी इस सीजन की सबसे गर्म रही और रात का तापमान 29.1 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि तापमान कम होने की कोई संभावना नहीं है। वहीं बारिश के भी फिलहाल कोई आसार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में तापमान 46 या 47 डिग्री तक पहुंच सकता हैं। 31 मई के बाद ही मौसम परिवर्तन के बारे में कुछ कहा जा सकता है। तब तक भीषण गर्मी का इसी तरह सामना करना होगा।

कल से होगी नवतपा की शुरूआत

नवतपा के 9 दिन गर्मी मेें सबसे अधिक गर्म दिनों में शामिल हैं। इससे संभावना जताई जा रही है कि तापमान इस वर्ष आठ सालों का रिकार्ड भी तोड़ सकता है। क्योंकि आज भी तापमान में उछाल आने की संभावना है जो 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं नवतपा के दौरान तापमान और अधिक बढ़ेगा जिसके चलते इस वर्ष नगर के अधिकतम तापमान का रिकार्ड टूट सकता है। मौसम विशेषज्ञ धनोतिया के अनुसार शहर का सर्वाधिक तापमान 47.2 डिग्री रहा है जो इस वर्ष इससे भी अधिक रह सकता है।

Next Post

सस्ते दामों पर घर से बेच रहा था शराब, आबकारी विभाग ने किया गिरफ्तार

Thu May 23 , 2024
धार, अग्निपथ। इंदौर क्षेत्र से धार आई अवैध शराब एक गांव में घर से ही बेची जा रही थी। जानकारी मिलने पर आबकारी विभाग ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 24 पेटी शराब जब्त की गई है। आबकारी विभाग को सूचना मिली थी कि बुधवार रात […]

Breaking News