बदनावर, अग्निपथ। बीती रात बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर पंचकवासा ब्रिज पर तेज रफ्तार कार ने युवक को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया है कि युवक अपने दो अन्य दोस्तों के साथ ब्रिज पर घूमने गया था। इसी दौरान हादसा हुआ। मृतक का नाम शिवम पिता धन्नालाल चौहान निवासी मालीपुरा बदनावर बताया गया है। मृतक यहां मोबाइल दुकान पर काम करता था। बुधवार रात करीब 9 बजे वह दोस्तों के साथ बाइक से ब्रिज पर घूमने गया था। वहां गाड़ी खड़ी कर घूम रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार कार (जीजे-01-केटी-8048) ने जोरदार टक्कर मार दी।
उसे तत्काल सिविल अस्पताल लाए। किंतु पहले ही मौत हो चुकी थी। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर गुरुवार सुबह पीएम करवाने के बाद शव घर वालों के सुपुर्द किया। अंतिम संस्कार के लिए धार ले जाया गया। वह बदनावर में किराए से रहता था।
इन दिनों नए ब्रिज पर युवक रात में घूमने जा रहे हैं। आकर्षक रोशनी से जगमगाते ब्रिज पर फोटो सेशन कर रिल्स बनाते हैं। घूमने के दौरान तेज रफ्तार वाहनों की गति को समझ नहीं पाते और पलक झपकते चपेट में आ जाते हैं।