5 दिनों से लापता मोहनखेड़ा जैन मंदिर के पुजारी का शव मिला

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

धार, अग्निपथ। मोहनखेड़ा जैन तीर्थ के जैन मंदिर के पांच दिनों से लापता पुजारी का शव बुधवार को अहमद फाटे से अमोदिया वाले कच्चे मार्ग पर एक खेत से मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

ग्राम छड़ावद निवासी 48 वर्षीय केशरसिंह पिता गांगाजी राठौड़ जैन तीर्थ मोहनखेड़ा में जैन मंदिर के पुजारी थे। 29 मार्च दोपहर से वे लापता थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की तथा राजगढ़ थाने पर गुमशुदगी भी दर्ज करवाई थी। वहीं बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि केशरसिंह का शव राजगढ़ के समीप अमहद फाटा से अमोदिया वाले कच्चे मार्ग पर एक खेत मे पड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस तथा मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। केशरसिंह के शव के पास दो पहिया वाहन एक्सएल 100 तथा मोबाइल भी मिला है। घटना की जानकारी मिलते ही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार एवं राजगढ़ थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान मौके पर पहुंचे।

परिजनों को हत्या की आशंका, पुलिस ने शुरु की जांच

मृतक के भतीजे भंवर सिंह राठौड़ ने बताया कि 29 मार्च से लापता थे। इनको खोजने के लिए काफी मशक्कत भी की। 30 मार्च को सुबह राजगढ़ थाने पर गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा कि हमें हत्या की आशंका है, पुलिस इस मामले की अच्छे से जांच करें।

वही सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीपसिंह परिहार ने कहा कि घटना स्थल का निरीक्षण किया है। मृतक पिछले कई वर्षों से मोहनखेड़ा जैन मंदिर के पुजारी थे। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

Next Post

राष्ट्रीय क्रांतिवीर अलंकरण समारोह 4 अप्रैल को, अभिनन्दित होंगे मालवा के दो रत्न

Thu Apr 3 , 2025
उज्जैन, अग्निपथ। 27वां राष्ट्रीय क्रांतिवीर अवार्ड 2025 का भव्य आयोजन 4 अप्रैल 2025, शुक्रवार को सायंकाल 6.30 बजे से उज्जयिनी के क्षिप्रा तट (दत्त अखाड़ा घाट) पर आयोजित किया जायेगा। आज के इस कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ बस्तर के समाजसेवी होंगे। राष्ट्रीय चेतना के भाव को जगाने में अपनी […]