देवास, अग्निपथ। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को नगर निगम का घेराव किया। कार्यकर्ता सयाजी द्वार से मटके लेकर रैली के रूप में निगम पहुंचे। उन्होंने परिसर में खाली मटके फोडकऱ विरोध जताया। पिछले सप्ताह से कई वार्डों में पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है।
इससे पहले कांग्रेस पार्षदों ने भी प्रदर्शन किया था। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा कि नगर निगम और प्रशासन पर्याप्त पानी देने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि निगम पूरा जलकर वसूल रहा है, लेकिन 15 दिनों से पानी नहीं दे रहा।
राजानी ने चेतावनी दी कि अगर 5-7 दिन में समस्या नहीं सुलझी तो भाजपा पार्षदों का उनके वार्डों में पुतला जलाया जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए निगम परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। कार्यकर्ताओं को कार्यालय में प्रवेश से रोका गया। कांग्रेस ने उपायुक्त को ज्ञापन देकर जल्द समस्या के समाधान की मांग की।
1 दिन छोडक़र हो रही जलापूर्ति
इधर महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल का कहना है कि हमने पानी की जो पिछले दिनों समस्या थी उसे काफी हद तक सुधार लिया है। सभी वार्डो में एक दिन छोडकऱ पानी सप्लाई हो रहा। जहां नल नहीं है वहां पानी के टैंकर के माध्यम से जल लोगो तक पहुंचाया जा रहा है।
पार्षद बैस स्वयं के खर्चे से बुझा रहे वार्डवासियों की प्यास
मानव ही सेवा नारायण सेवा है। इसी उद्देश्य को लेकर वार्ड क्रमांक 40 क्षेत्रीय पार्षद एवं अध्यक्ष स्वास्थ्य समिति नगर निगम देवास धर्मेन्द्र सिंह बैस ने भीषण गर्मी में पानी की किल्लत को देखते हुए स्वयं के खर्चे से पानी का टेंकर बनवाकर वार्डवासियों की प्यास बुझाने का संकल्प लिया है।
भाजपा नेता गुरूदत्त शर्मा ने बताया कि वार्ड 40 में पार्षद श्री बैस द्वारा स्वयं के खर्चे के टेंकर से पानी वार्ड की हर कालोनियों में वितरण किया जा रहा है। इसी कडी में वार्ड में विधायक गायत्रीराजे पावर के मार्गदर्शन में सतत रूप से कई विकास कार्य चल रह है।
बैस ने विधायक पवार, महापौर गीता अग्रवाल का आभार भी माना कि शीघ्र ही जनहित में उन्होंने पानी की समस्या को देवास नगर से दूर किया। उक्त जानकारी पूर्व पार्षद जगदीश चौधरी ने दी।