अगरबत्ती कारखाना संचालक और किसान से ऑनलाइन धोखाधड़ी
उज्जैन, अग्निपथ। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बहादुरगंज में रहने वाले अगरबत्ती कारखाना संचालक से एक साल में 26 लाख रूपए ठगी का मामला सामने आया है। व्यापारी ने सोशल मीडिया पर रील देखकर शेयर मार्केट में बड़ी राशि का इन्वेस्टमेंट कर दिया। इसी तरह जिले के इंगोरिया क्षेत्र के जहाँगीरपुर में एक किसान के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई।
पुलिस ने बताया दुर्गेश पिता ब्रजमोहन शर्मा उम्र 60 साल निवासी ब्राह्मण गली बहादुरगंज अगरबत्ती कारखाना व मार्केटिंग का काम करते हैं। 31 जुलाई 2025 को वह सोशल मीडिया प्लेटफार्म यू ट्यूब पर रील देख रहे थे। उसी दौरान एक रील में शेयर मार्केट में इनवेस्ट करने पर लाखों रुपए महीना कमाने की स्कीम उन्होंने देखी और रील पर दिए नंबरों पर संपर्क किया। इसके बाद उनके मोबाइल पर तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आने लगे और मुनाफे का झांसा दिया जाने लगा। झांसे में आकर उन्होंने एक साल में करीब 26 लाख रूपए निवेश कर दिए।
फाइनेंशियल एडवाइजर बताकर संपर्क किया
व्यापारी शर्मा ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति ने अपना नाम करण पिता सुभाष अरोरा बताकर स्वयं को सेबी रजिस्टर्ड फाइनेंशियल एडवाइजर बताया और कहा कि मुनोथ कैपिटल मार्केटिंग लि. अहमदाबाद, मेगम इक्विटी ब्रोकिंग लि. मुंबई के नाम से कंपनी संचालित करता हैं व शेयर मार्केट में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा कमाकर देंगे।
मुनाफा नहीं मिला तो की शिकायत
एक साल तक वडोदरा, जयपुर, लखनऊ सहित अलग-अलग जगह की कंपनी, फर्म, बैंक में रुपए लगाने के बाद भी मुनाफा नहीं मिला तो दुर्गेश शर्मा को शंका हुई। उन्होंने करण से संपर्क किया तो उसने आईपीओ के लिये रजिस्टर्ड नहीं होने की बात कहकर फिर रुपए डलवा लिए। हालांकि उसके बाद भी दुर्गेश को रुपए नहीं मिले। शंका होने पर उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत की, जिसकी जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया।
25 से अधिक फर्म और बैंक में डलवाए रुपए
दुर्गेश शर्मा को करण पिता सुभाष अरोरा ने वेल्थ सिंगल स्पेस मुनोथ कंपनी के व्हाट्सएप कम्युनिटी ग्रुप में जोड़ लिया जिसमें शेयर मार्केट में इनवेस्ट के प्लान की जानकारी आती थी। इसी बीच करण ने दुर्गेश से अलग-अलग तरीके से 25 से अधिक फर्म, बैंक में करीब 26 लाख रुपए निवेश करवा लिए। यह सिलसिला एक साल तक चलता रहा।
इधर इंगोरिया में किसान से 1 लाख 81 हजार की ऑनलाइन धोखाधड़ी
इसी तरह इंगोरिया थाना क्षेत्र के ग्राम जहांगीरपुर में एक किसान के साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई। उनके मोबाइल फोन में एक मैसेज आया और रूपए कट गए।
पुलिस ने बताया जहांगीरपुर में रहने वाले किसान अजय पिता गोवर्धनलाल पांचाल उम्र 30 वर्ष के मोबाइल फोन पर एपीके फ़ाइल से 11 नवंबर को एक मैसेज आया। जिसकी लिंक उन्होंने खोली तो फोन हैंग होने लगा। इस पर उन्होंने फोन रीस्टार्ट किया। जब फोन चालू हुआ तो खाते से कुछ रुपए कट गए। पहले तो उन्होंने ध्यान नहीं दिया लेकिन इसके बाद लगातार 14 नवंबर तक उनके खाते से कुल 1 लाख 81 हजार 830 रुपए निकल गए। इंगोरिया पुलिस ने अजय की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

