उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन के नागझिरी थाना क्षेत्र में दो साल पहले नाबालिग बालिका का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को विशेष न्यायालय पोक्सो एक्ट ने कड़ी सजा सुनाई है। अदालत ने मामले में सुनवाई के बाद आरोपी राहिद उर्फ छोटू पिता रईस को दोषी ठहराते हुए 20 साल सश्रम कारावास और कुल 1 हजार 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। इस फैसले ने नाबालिगों के खिलाफ होने वाले गंभीर अपराधों पर सख्त संदेश दिया है।
जून 2024 में सामने आया था मामला
उप-निदेशक अभियोजन राजेन्द्र कुमार खाण्डेगर के अनुसार यह गंभीर घटना जून 2024 की है। पीड़ित बालिका की मां ने अपनी नाबालिग बेटी के बहला-फुसलाकर अपहरण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बालिका की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों और जांच के बाद पुलिस टीम ने बालिका को राजस्थान की राजधानी जयपुर से दस्तयाब किया। उस समय बालिका आरोपी राहिद के कब्जे में थी।
अजमेर, इंदौर और जयपुर घुमाकर किया दुष्कर्म
पुलिस ने मौके से आरोपी राहिद उर्फ छोटू को हिरासत में लिया और पीड़ित बालिका के विस्तृत बयान दर्ज किए। पूछताछ और बयानों में सामने आया कि आरोपी बालिका को बहला-फुसलाकर पहले राजस्थान के अजमेर ले गया था। इसके बाद वह उसे अजमेर से इंदौर लेकर आया और फिर वापस जयपुर ले गया। इस पूरे सफर के दौरान आरोपी ने पीड़िता के साथ कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाकर चालान न्यायालय में पेश किया।
अलग-अलग धाराओं में सख्त कारावास और जुर्माना
न्यायालय में अभियोजन पक्ष के तर्कों और प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का अपराध सिद्ध हुआ। विशेष न्यायालय ने आरोपी राहिद उर्फ छोटू निवासी महुपुरा जिला शाजापुर, हाल मुकाम मटन मार्केट के सामने नागझिरी जिला उज्जैन को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 3 सहपठित धारा 4 (2) के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई। इसके अलावा भारतीय दंड संहिता की धारा 366 में 6 वर्ष सश्रम कारावास तथा धारा 363 में 5 वर्ष सश्रम कारावास की सजा भी दी गई। न्यायालय ने कुल 1 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
