सितंबर में भरभराकर गिरा था 14वीं सदी का द्वार, पुराने महाकाल थाने के पीछे ब्राह्मण समाज धर्मशाला के विस्तार के लिए चल रहा काम
उज्जैन। महाकाल मंदिर से रामघाट जाने वाले प्राचीन मार्ग पर स्थित 14वीं सदी के ऐतिहासिक महाकाल द्वार की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। सितंबर माह में देर रात अचानक भरभराकर गिरे इस ऐतिहासिक द्वार के पास दोबारा गहरी खुदाई शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि पुराने महाकाल थाने के पीछे स्थित ब्राह्मण समाज की धर्मशाला का विस्तार करने के लिए यह काम किया जा रहा है। ऐसे में आशंका है कि खुदाई के कारण आसपास मौजूद प्राचीन निर्माण और संरचनाओं को फिर नुकसान पहुंच सकता है।
गौरतलब है कि सितंबर में महाकाल द्वार के समीप निर्माण कार्य के दौरान गहरी खुदाई की गई थी। इसके बाद द्वार की संरचना कमजोर हुई और वह अचानक ढह गया। उस समय स्मार्ट सिटी की ओर से बारिश के कारण मिट्टी में नमी बढ़ने और जमीन के सेटलमेंट को भी संरचना प्रभावित होने की संभावित वजह बताया गया था। अब उसी क्षेत्र में फिर से खुदाई किए जाने से ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
महाकाल मंदिर-रामघाट मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा
महाकाल मंदिर से करीब 100 मीटर दूर स्थित यह द्वार रामघाट जाने वाले प्राचीन मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से इसकी विशेष पहचान थी। लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में होने के कारण इस मार्ग पर आवागमन बंद था। बताया जाता है कि मध्यकाल से ही इस द्वार का उपयोग महाकाल मंदिर और रामघाट के बीच संपर्क मार्ग के रूप में किया जाता रहा है।
पारंपरिक तकनीक से किया गया था निर्माण
महाकाल द्वार के पुनर्निर्माण में चंदेरी और ललितपुर से आए कारीगरों ने पारंपरिक निर्माण तकनीक का इस्तेमाल किया था। इसमें चूना, गुड़, मेथी, गूगल, उड़द के पानी, ईंट के चूरे और रेत जैसे प्राकृतिक पदार्थों से तैयार मिश्रण का उपयोग किया गया था। कारीगरों का दावा था कि पारंपरिक तकनीक से ऐतिहासिक संरचनाओं को लंबे समय तक मजबूती मिलती है।
ऐसे में सवाल यह है कि जिस ऐतिहासिक द्वार को दोबारा खड़ा करने के लिए पारंपरिक तकनीक और कारीगरों की मदद ली गई, उसके आसपास निर्माण और खुदाई के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं या नहीं? सितंबर में हुए नुकसान के बावजूद उसी क्षेत्र में दोबारा खुदाई शुरू होना जिम्मेदार विभागों की निगरानी और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

