पत्नी की मौत की खबर सुनकर आरोपी पति ने खाया जहरीला पदार्थ
उज्जैन, अग्निपथ। ससुराल पक्ष और पति की प्रताडना से तंग आकर क्षीरसागर उद्यान में बुधवार को जहर खाने वाली महिला की गुरुवार देर रात उपचार के दौरान चरक अस्पताल में मौत हो गई। मृत्यु से पहले महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताडना के आरोप लगाए। महिला के बयान का परिजनों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर उसके पति ने भी जहर खा लिया। परिजनों ने उसे चरक अस्पताल में भर्ती किया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के फाजलपुरा में रहने वाली २५ वर्षीय रोशनी पति समीर ने बुधवार को क्षीरसागर बालोद्यान में जहर खा लिया था। परिजनों ने उसे चरक अस्पताल में भर्ती किया था जहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में रखा गया था। इसी दौरान पुलिस महिला के बयान लेने के लिए पहुंची तो वह बेसूध थी इस वजह से पुलिस बयान दर्ज नहीं कर पाई।
गुरुवार शाम को महिला को होंश आया तो उसने आप बीती अपने परिवार को बताई। परिजनों ने उसके बयानों का वीडियो बना लिया था। इसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और देर रात अस्पताल में मौत हो गई। जब रोशनी की मौत की खबर उसके पति समीर को लगी तो उसने चूहामार दवाई खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। तबीयत बिगडने और उल्टियां होने पर परिजनों ने उसे भी चरक अस्पताल में भर्ती किया।
वीडियो में बोली- पति कहता है तेरे बाप को चाकू मारूंगा
बुधवार को क्षीरसागर बालोद्यान में जहर खाने के बाद महिला को परिजनों ने चरक अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां उसकी हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में रखा गया था। वह बेसूध थी इस कारण से पुलिस उसके बयान नहीं ले पाई थी। जब उसे होंश आया तो पुलिस मौजूृद नहीं थी। इसलिए परिजनों ने उसका वीडियो बना लिया। वीडियो में महिला बोल रही है कि पति और ससुराल के लोग प्रताडित करते थे। पति बोलता था कि तेरी बेटी को उठवा दूंगा, तेरे बाप को चाकू ही चाकू मारूंगा, समीर ने यह भी कहा कि तेरे भाई को भी मारूंगा, उसके मां-बाप बोलते हैैैैैैैैैैैैैैैैैैै तू तलाक ले ले। मुझे नहीं रहना इनके साथ।
इधर नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर लगा हत्या का आरोप
नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित निजी अस्पताल में कायथा की रहने वाली एक नवविवाहिता की उपचार के दौरान संदिग्ध मौत हो गई। महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने बताया कायथा की रहने वाली 22 वर्षीय अरसला पति शकील 30 अप्रैल को ससुराल जनों ने तबीयत खराब होने पर प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। महिला की हालत और ज्यादा बिगड जाने पर उसके मायके को खबर दी गई। अरसला के चाचा आसिफ शाह ने बताया कि ससुरालजन पर शंका है कि उन्होंने कुछ गलत किया है। उसकी अचानक इतनी तबीयत कैसे खराब हो गई कि मौत हो गई।
मायके वाले अरसला को तबीयत ज्यादा बिगडने पर दूसरे निजी अस्पताल ले गए थे जहां डॉक्टर्स ने मामला संदिग्ध होने की जानकारी दी। इस दौरान अरसला के ससुराल जन अस्पताल से चले गए। गुरुवार शाम उसकी मौत हो गई। जिसकी सूचना नीलगंगा थाने पर दी गई। चाचा आसिफ शाह ने बताया कि अरसला की शादी 2 साल पहले हुई थी। उसका मायका देवास का है। संदिग्ध हालत में मौत होने पर मायके वालों को ससुराल पक्ष पर शंका है।