दोपहर को उमस, शाम को 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, फिर बारिश
उज्जैन, अग्निपथ। शहर में नौतपा के चौथे दिन मौसम ने करवट बदली। दिनभर उमस भरे माहौल के बाद शाम 4.45 बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। सुबह से सूरज की तपिश और उमस का माहौल रहा। शाम करीब 4.45 बजे से तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
तेज हवाओं के कारण शहर के कई स्थानों पर बैनर-पोस्टर उखड़ गए। कई जगह पेड़ों की डालियां सडक़ों पर गिर गईं। करीब आधे घंटे की तेज बारिश के बाद रिमझिम बारिश जारी रही। इससे लोगों को नौतपा की गर्मी और उमस से राहत मिली।
2 डिग्री के गिरा तापमान
शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के तापमान में 2 डिग्री के गिरावट दर्ज की गई है। वही रात के तापमान में भी ढाई डिग्री के गिरावट रिकॉर्ड की गई है। नौतपा के 9 दिनों के दौरान होने वाली बारिश को रोहिणी गलना कहा जाता है। मान्यता है कि इस दौरान बारिश होने से आगे कम वर्षा की स्थिति बन सकती है।
वेधशाला में 3.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज
उज्जैन में तेज आंधी बारिश के बाद 3.2 मिली मीटर बारिश जीवाजी राव वेधशाला में दर्ज की गई है। वेधशाला अधीक्षक डॉ आरपी गुप्त ने बताया कि मौसम विभाग ने आज और आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 31 मई तक मौसम के सूखा रहने की संभावना है।
आधे शहर की बिजली गुल
आंधी या बारिश का मौसम होते ही शहर की बिजली अक्सर गुल हो जाया करती है। ऐसा लगता है कि बिजली विभाग ने अपने मेंटेनेंस का कार्य पूरा नहीं किया है जिसके चलते बिजली को बहाल होने में तीन से चार घंटे का समय लगता है। बुधवार की शाम हुई बारिश में भी आधी शहर की बिजली गुल हो गई थी। जिसको बाहर होने में काफी वक्त लगा। बिजली गुल होने से उमस और पसीना से लोग परेशान होते रहे।