प्री-मानसून एक घंटे में सवा इंच बारिश

शाजापुर, अग्निपथ। रोहिणी की तपन झेल रहे नगरवासियों के लिए गुरुवार का दिन राहत लेकर आया। दोपहर तक गर्मी से झुलस रहे लोगों को दोपहर में तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग की माने तो शुक्रवार के बाद फिर शनिवार ओैर रविवार को इसी तरह की बारिश की संभावना है।

गुरूवार को आसमान पर कभी बादल छा रहे थे तो कभी तेज धूप से लोगों का बुरा हाल हो रहा था। दोपहर बाद फिर आसमान को काले बादलों ने घेर लिया और तेज हवाएं चलने लगी और बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक चले तेज बारिश के दौर में करीब सवा इंच वर्षा दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन शनिवार-रविवार को इसी तरह की बारिश के आसार हैं। उन्होंने बताया कि इस दिन उत्तर-पूर्वी हवाएं 17 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। इस दिन अधिकतम तापमान 38.6 व न्यूनतम 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सडक़ों पर भराया पानी

38 डिग्री तापमान के साथ उमस का कहर झेल रहे नगरवासी लगातार आसमान ताक रहे थे। जो बारिश का इंतजार कर रहे थे। दोपहर बाद मौसम बदला और लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। यही कारण था कि लोगो ने भिगने की चिंता छोड़ इस प्री-मानसूनी बारिश का आनंद लिया। करीब एक घंटे तक तेज आंधी के साथ हुई बारिश का आंकड़ा सवा इंच दर्ज किया गया और हाईवे पर की सडक़ें भी जलमग्न हो गई।

गल गई रोहिणी, पांचवे दिन ही हो गई बारिश

कहते हैं नवतपा (रोहिणी) में बारिश होने से मानसून कमजोर हो जाता है। लेकिन इस वर्ष रोहिणी के पहले से ही बादल नगर पर मेहरबान है और यह सिलसिला रोहिणी के पांचवे दिन गुरूवार को भी जारी रहा। हालांकि मौसम विभाग की माने तो इस बार मानसून अच्छा रहेगा और पूरे मानसूनी मोसम में अच्छी बारिश होगी।

20 से 25 जून के बीच दस्तक देगा मानसून

मौसम विभाग की माने तो यह प्री-मानसूनी बारिश है, जिसने मानसून के करीब पहुंचने की ओर इशारा किया है। स्थानीय मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि गुरूवार को प्री-मानसूनी बारिश थी। शनिवार-रविवार को भी इसी तरह की बारिश की संभावना है। वहीं 20 से 25 जून तक मानसून भी जिले में पहुंच जाएगा और बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।

Next Post

पानी भरने के बाद विवाद में पांच लोगों ने पति-पत्नी पर किया हमला

Fri May 30 , 2025
उज्जैन, अग्निपथ। घट्टिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बिछडौद में गुरुवार शाम पानी भरने के विवाद में पति-पत्नी पर पांच लोगों ने मिलकर हमला कर दिया। बदमाशों ने दंपत्ति पर लोह के पाइप और ईंट से वार कर दोनों को घायल कर दिया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज […]