बदनावर, अग्निपथ। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक आपत्तिजनक वीडियो के मामले में बदनावर पुलिस ने एक हनीट्रैप गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है।
कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से फैल रहा था, जिसमें एक व्यक्ति आपत्तिजनक स्थिति में था और उसके साथ मारपीट कर पैसों की मांग की जा रही थी। बदनावर पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया। वीडियो में दिख रहे दोनों पक्ष अज्ञात थे, इसलिए पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया।
काफी प्रयासों के बाद पीडि़त की पहचान कानवन थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई। पीडि़त काफी डरा हुआ था, जिसे विश्वास में लेकर पूरी जानकारी जुटाई गई।
पुलिस ने बताया कि पीडि़त को पिछले 15 दिनों से उसके मोबाइल पर एक महिला के फोन आ रहे थे। बातचीत के दौरान वह अंतरंग बातें कर मिलने का दबाव बना रही थी। पीडि़त इस जाल में फंस गया और 17 मई 2025 को वह महिला से मिलने बदनावर आया। महिला उसे निचलावास मोहल्ले के एक मकान में ले गई।
कुछ देर बाद गिरोह के अन्य सदस्य कमरे में आ गए और उन्होंने पीडि़त के साथ मारपीट कर उसे डराया। उन्होंने पीडि़त का आपत्तिजनक स्थिति में वीडियो बनाया और ब्लैकमेल करते हुए 1,58,000 रुपये की मांग की। लोक-लज्जा के डर से पीडि़त ने यह रकम दे दी।
पीडि़त की रिपोर्ट पर बदनावर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और सूचना मिलने के 24 घंटे के भीतर इस हनीट्रैप मामले का पर्दाफाश कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ जारी है। गिरफ्तार लोगों को जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। हालांकि, इस प्रकरण का मुख्य सरगना अभी फरार है।
गिरफ्तार
- उत्तम (40 वर्ष), निवासी गाजनोद (थाना कानवन), वर्तमान में निचलावास, बदनावर
- कमल (21 वर्ष), निवासी रविदास मार्ग, बदनावर
- भैयाजी (45 वर्ष), निवासी कुशावदा (थाना कानवन)
- एक महिला (निवासी निचलावास, बदनावर)