कोई कयास मत लगाना मोहन यादव ही मुख्यमंत्री हैं : शिवराज

सीहोर में बोले – मैं कृषि मंत्री हूं, पार्टी ने जो कह दिया, मेरे लिए ब्रह्मवाक्य है

सीहोर, अग्निपथ। जन प्रतिनिधि होने के नाते अपने क्षेत्र की जनता की बेहतर सेवा, वो मेरा नैतिक और संवैधानिक कर्तव्य है। जब तक सांस चलेगी, उस कर्तव्य को पूरा करना है, पर मीडिया के मित्रों ने कुछ अलग रूप दे दिया… कि ये निकल गया, पता नहीं क्यों निकला है। मैं आज अपने जिले की धरती पर कहना चाहता हूं कि मैं पार्टी जो काम देती है, मैं उसे भगवान की पूजा मानकर करता हूं। मैं इस समय हूं, कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री।

इस नाते में दिन रात देशभर में दौड़ रहा हूं। मप्र में जो बेहतर हो सका मैंने किया। अब केंद्र में सरकार ने जो काम दिया है, जब तक मेरी सांस चलेगी, उस काम को दिल्ली और देश में रहकर पूरा करता रहूंगा। और कोई सोच हो ही नहीं सकती। पार्टी ने कह दिया, मेरे लिए ब्रह्मवाक्य है। इसलिए मीडिया के मित्रों मैं आपसे कहना चाहता हूं कि इधर-उधर कोई कयास मत लगाना। मोहन यादव मेरे मुख्यमंत्री हैं, और हम उनके साथ खड़े हुए हैं। यह शिवराज का मार्ग है, इसमें न दाएं हैं या बाएं है।

यह बात शनिवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर में कही। मंच पर मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद थे। सीहोर के शासकीय पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने 113 करोड़ 45 लाख रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।

मनरेगा के लिए 6263 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा- प्रदेश में पिछले साल गरीबों के लिए 14 लाख मकान स्वीकृत किए गए थे। 2018 के आवास प्लस की सूची में 7,85,336 मकान अभी बचे हैं। मैं आज पत्र लेकर आया हूं, ये सभी मकान भारत सरकार स्वीकृत करती है। 2018 की आवास प्लस सूची पूरी तरह संतृप्त हो जाए।

बाकी भी कोई गरीब बिना मकान के न रहें, एक व्यापक सर्वे का काम चल रहा है, सर्वे पूरा होकर, उसकी जांच होकर जो सूची बनेगी, उसे भी स्वीकृत किया जाएगा। आवास प्लस के मकान बनाने में 9,424 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

लाड़ली बहना योजना की राशि 3000 हजार होगी

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई कोई भी योजना बंद नहीं होगी। लाडली बहन योजना में धीरे-धीरे राशि बढ़ाकर 3000 कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से शिवराज सिंह चौहान का आशीर्वाद लगातार मिल रहा है।

सीहोर नगर पालिका को 50 करोड़ रुपए देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने सीहोर नगर पालिका को 50 करोड़ रुपए देने की घोषणा के साथ ही सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर एवं विधायक सुदेश राय द्वारा सीहोर जिले के विकास के लिए की गई विभिन्न विकास कार्यों की मांगों को पूर्ण करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अगर किसानों को अपनी फसलों की सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल जाए तो उनकी फसल सोना हो जाती है।

सीहोर जिले के हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने के बाद भोपाल एवं अन्य क्षेत्रों के साथ ही सीहोर जिला भी एक नए विकास के दौर में प्रवेश करेगा। देश एवं प्रदेश को विकसित करने और बेहतर से बेहतर कार्य करने के लिए हमारी सरकार कृत संकल्पित है। विकास का यह सिलसिला आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

सीएम ने की श्यामपुर में नया कॉलेज खोलने की घोषणा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए नर्मदा नदी का पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने सीहोर के विकास के लिए 50 करोड़ रुपए की राशि और इंदौर नाके से चार किलोमीटर रोड की स्वीकृति दी। साथ ही श्यामपुर में नया कॉलेज खोलने और सीहोर में एक्सीलेंस कॉलेज के लिए नए भवन के निर्माण की घोषणा की।

केंद्रीय मंत्री का कांग्रेसियों ने रोका रास्ता

शिवराज सिंह चौहान का काफिला सीहोर से इछावर के लिए रवाना हुआ। रास्ते में काफिले को रोककर कांग्रेस नेताओं ने इछावर में उनसे मूंग खरीदी की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया। यहां से वे इछावर स्थित दशहरा मैदान पहुंचे और विकसित कृषि संकल्प अभियान के कार्यक्रम में शामिल हुए।

Next Post

सगाई से पहले किया मंगेतर से दुष्कर्म

Sat Jun 7 , 2025
युवक और जीजा पर केस दर्ज, तलाश रही पुलिस शाजापुर, अग्निपथ। एक युवती ने अपने ही मंगेतर के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत की है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार […]