बहन को ससुराल छोड़कर लौट रहे युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौके पर ही मौत

उज्जैन, अग्निपथ। मोहनपुरा रिंग रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपनी बहन को उसके ससुराल छोड़कर घर वापस लौट रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे रौंद दिया। हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि अंतर सिंह (पिता लाल सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी दाऊद खेड़ी) अपनी बहन आशू बाई को उनके ससुराल मोहनपुरा छोड़ने गए थे। वापस लौटते वक्त, मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच मोहनपुरा रिंग रोड पर तेज रफ्तार और लापरवाही से आए एक अज्ञात वाहन ने अंतर सिंह की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अंतर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, और उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया। डॉक्टरों ने युवक की मृत्यु की पुष्टि की।

पुलिस ने अंतर सिंह के पास मिले मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों को सूचना दी। बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। यह घटना रिंग रोड पर रात के समय सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करती है।

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: मायके आई थी पहली बार, 15 दिन बाद तोड़ा दम

उज्जैन, अग्निपथ। आगर जिले की एक नवविवाहिता ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके 15 दिन बाद उपचार के दौरान उज्जैन के जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई। खास बात यह है कि उसकी शादी को अभी सिर्फ दो महीने ही हुए थे और वह पहली बार अपने मायके आई हुई थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक ममता (निवासी कांकड़ेल, जिला आगर) की शादी अप्रैल महीने में रतनपुरा के राहुल से हुई थी। शादी के बाद वह 10 दिन ससुराल में रही और फिर मायके आ गई थी। मायके से उसे एक-दो दिन में ही वापस ससुराल जाना था। इसी बीच, ममता ने घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया।

ममता की माँ, जशोदा बाई ने बताया कि उनकी बेटी ने गलती से दवा पी ली या जानबूझकर, इस बारे में उसने कुछ नहीं बताया। तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण आगर से उसे उज्जैन के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहाँ 15 दिन तक भर्ती रहने के बाद मंगलवार को ममता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। इस संदिग्ध मौत के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।

Next Post

उज्जैन पुलिस की बड़ी कामयाबी: बाइक चोर से 4 बाइक बरामद!

Wed Jun 25 , 2025
उज्जैन, अग्निपथ। माधव नगर पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फ्रीगंज और मक्सीरोड क्षेत्र से बाइक चुराने वाले देवास के एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से चोरी की 4 बाइकें […]
बाइक चोरी

Breaking News