बदनावर, अग्निपथ। धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है। एक महिला ने अपने पति और उसके दोस्त के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसका जुआरी पति जुए में पैसे हारने के बाद उसे ही दांव पर लगा देता था, और हारने पर अपने दोस्त के पास भेज देता था, जहाँ उसके साथ दुष्कर्म होता था। यह मामला प्रकाश में आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
कानवन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दोस्त की तलाश जारी है।
जुआरी पति की खौफनाक हकीकत
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद साल 2021 में उसे पता चला कि उसके पति को जुआ खेलने की भयंकर लत है और उस पर ₹8 लाख का भारी कर्ज है। कर्ज चुकाने के लिए पति ने उसके सारे जेवर गिरवी रख दिए और उसे लोगों से पैसे उधार लेने के लिए लगातार दबाव बनाया। जब वह ऐसा करने से मना करती, तो पति उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था।
महिला ने बताया कि उनके ससुराल में घर के सामने ही पति का दोस्त अभिमन्यु सिंह (पिता कमल सिंह, निवासी गुड़गांव, नई दिल्ली) रहता था, जो अब दिल्ली में रहता है। उसका पति अक्सर अभिमन्यु से पैसे उधार लेता था। एक दिन पति ने महिला से कहा कि उसने दोस्त से कर्ज ले रखा है और उसकी हैसियत नहीं है चुकाने की, इसलिए उसे अभिमन्यु के साथ शारीरिक संबंध बनाने होंगे।
धमकी और शारीरिक शोषण का सिलसिला
जब महिला ने मना किया, तो पति ने उसे और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद पति उसे जबरन विमान से दिल्ली ले गया और अभिमन्यु के घर पहुँचाया। रात में पति ने उसे अभिमन्यु के कमरे में भेज दिया, जहाँ अभिमन्यु ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अभिमन्यु ने उस दौरान महिला से कहा, “मैंने तुझे ₹50 हजार में तेरे पति से खरीदा है।”
यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। महिला ने बताया कि उसका पति उसे दोबारा दिल्ली अभिमन्यु के पास ले गया, जहाँ फिर से उसके साथ दुष्कर्म हुआ।
भाई के हस्तक्षेप के बाद सामने आई सच्चाई
पीड़िता ने बताया कि पिछले साल उसका पति उसे इंदौर ले आया, जहाँ वे किराए के फ्लैट में रहने लगे। वहाँ भी पति उसे मल्टी में रहने वाले एक अन्य व्यक्ति के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करने लगा। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो वे नए मकान में चले गए। वहाँ भी पति उस पर अभिमन्यु से फोन पर बात करने का दबाव डालता था और मना करने पर उसे प्रताड़ित करता था।
महिला ने डर के कारण पुलिस या किसी रिश्तेदार को कुछ नहीं बताया और सब कुछ सहती रही। हाल ही में, पति ने फिर से उसे अभिमन्यु के पास दिल्ली जाने के लिए दबाव बनाना शुरू किया। विरोध करने पर उसने महिला के साथ मारपीट की, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं। बाद में, पति ने अभिमन्यु को इंदौर बुलाया और महिला से झगड़ा कर उसे एक होटल में अभिमन्यु के पास ले गया।
इस बार, महिला ने हिम्मत कर कॉल पर अपने भाई को अपनी आपबीती सुनाई। भाई ने तुरंत इंदौर पहुंचकर पति का विरोध किया, जिसके बाद पति ने माफी मांगी। लेकिन, 6 दिन पहले पति ने फिर से उसे अभिमन्यु के पास जाने की बात कही। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया और एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी, तो आरोपी पति अपने गाँव भाग गया।
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि पति ने कर्ज चुकाने के लिए उसका पूरा स्त्री धन छीन लिया और उसे अभिमन्यु के साथ गलत संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। उसने आरोप लगाया कि उसका पति उसे ‘बेच रहा’ है और अभिमन्यु ‘खरीद रहा’ है। उसने दोनों आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई
कानवन थाना प्रभारी अभय नीमा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। अभिमन्यु सिंह की तलाश की जा रही है और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना समाज में जुए और कर्ज की लत के भयावह परिणामों को दर्शाती है, जहाँ रिश्तों की पवित्रता को भी दांव पर लगा दिया जाता है।