लीलीखेड़ी में हत्या के शक में ग्रामीण भड़के, शव रखकर फोरलेन किया जाम

बदनावर, अग्निपथ। ग्राम लीलीखेड़ी निवासी 65 वर्षीय लूणा पिता गोबा कतीजा भील की गुरुवार शाम मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम (पीएम) के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, गुस्साए परिजनों और गांववालों ने उचित कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शव को सिविल अस्पताल से पैदल ही बड़ी चौपाटी स्थित फोरलेन चौराहे पर लाकर जाम कर दिया।

परिजनों का आरोप था कि लूणा की हत्या हुई है, वह भी उसके नाबालिग पोते के सामने। परिजनों ने पुलिस पर उनकी बात नहीं सुनने का आरोप लगाते हुए तत्काल हत्या का प्रकरण दर्ज करने की माँग की। पूरे मार्ग में टीआई अमितसिंह कुशवाह सहित पुलिसकर्मी परिजनों को रोकते व समझाते नजर आए, किंतु वे नहीं माने।

करीब आधे घंटे तक फोरलेन जाम रहा। मार्ग में पुलिस और परिजनों के बीच कई बार झूमाझटकी भी हुई। बाद में पुलिस द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई करने और प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के आश्वासन पर गुस्साए ग्रामीण माने और जाम खोला। पुलिस ने अभी मर्ग कायम कर जाँच शुरू की है। टीआई अमितसिंह कुशवाह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट व गवाहों के कथन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

0000

 

🎊 युवक कांग्रेस चुनाव परिणाम घोषित: जिम्मी पंवार बने विधानसभा अध्यक्ष

 

बदनावर, अग्निपथ।

बदनावर। युवक कांग्रेस के संगठन चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। कल जारी चुनाव परिणाम में जयदीपसिंह पंवार ‘जिम्मी बना’ को युवक कांग्रेस का विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष चुना गया है।

चुनाव परिणाम घोषित होने पर कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड पर जमा होकर आतिशबाजी कर मिठाई बाँटी। जिम्मी पंवार को 3935 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बलराम चौधरी को 2490 वोट मिले। पंवार ने 1445 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। चौधरी दूसरे स्थान पर रहने के कारण उपाध्यक्ष चुने गए।

तीनों ब्लॉक में अध्यक्षों का निर्वाचन:

  • बदनावर ब्लॉक अध्यक्ष: अर्जुन नांदेड़ा (1157 वोट)। राधेश्याम मंडलोई (963 वोट) उपाध्यक्ष चुने गए।
  • कानवन ब्लॉक अध्यक्ष: चंदन भूरिया (842 वोट)। अभिषेक पाटीदार (349 वोट) दूसरे स्थान पर रहे।
  • केसूर ब्लॉक अध्यक्ष: सद्दाम पटेल (632 वोट)। राहुल राठौड़ (564 वोट) उपाध्यक्ष बने।

इसके अलावा, बदनावर के पिटगारा के यशर्धनसिंह पंवार 4216 वोट लाकर जिला महासचिव निर्वाचित हुए। वहीं, धार के रोहित कामदार 6840 वोट लाकर पुनः युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चुने गए।

0000

 

🛵 सड़क हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत, स्कूटी से घर लौट रही थीं

 

बदनावर, अग्निपथ।

बदनावर। लेबड़-नयागाँव फोरलेन पर बड़ी चौपाटी से कुछ दूर ग्राम पिटगारा के तिराहे पर शुक्रवार शाम एक सड़क हादसे में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौत हो गई। मृतका का नाम सुनीता पति स्व. गोवर्धनसिंह सिसोदिया (42) निवासी ग्राम कानवन बताया गया है। वह ग्राम बीड़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं।

मृतका सुनीता सिसोदिया बदनावर में निर्वाचन संबंधी बैठक में भाग लेने आई थीं। बैठक समाप्त होने के बाद वह अपनी स्कूटी से वापस कानवन जा रही थीं, तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गईं। उन्हें तत्काल पास के सरदार पटेल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

बाद में शव को सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। हादसे की सूचना मिलने पर धार से जिला कार्यक्रम अधिकारी सुभाष जैन, सहायक संचालक विक्रांत दामले, परियोजना अधिकारी प्रवीण सितोले, सेक्टर कार्यकर्ता मनीषा ओसारी एवं राजकुमारी पाल के साथ ही तहसीलदार सुरेश नागर व अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अस्पताल पहुँचे।

0000

 

⚡ झटका मशीन के करंट से 5 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत

 

बदनावर, अग्निपथ।

बदनावर। ग्राम लीलीखेड़ी के मजरे वडलीपाड़ा में गुरुवार दोपहर बाद घर के पीछे स्थित खेत की मेढ़ पर लगी झटका मशीन से करंट लगने के कारण 5 साल के बच्चे की अकाल मौत हो गई।

मृतक आदिवासी परिवार के बच्चे का नाम विष्णु पिता प्रेम बताया गया है। घटना का पता चलने पर उसे बदनावर अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को मरचुरी रूम में रखवाया। शनिवार सुबह शव का पीएम किया गया।

विष्णु गाँव की आंगनबाड़ी से आकर घर के पीछे खेत पर जा रहा था, तभी वह करंट की चपेट में आ गया। वह अपने पिता का इकलौता पुत्र था। पिता ने अपना खेत बटाई पर दिया है, जिसने पशुओं से मटर की फसल को बचाने के लिए झटका मशीन लगा रखी थी। आरोप है कि लापरवाही के कारण मशीन के तारों में दिन में भी करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

0000

Next Post

मतदाता सूची से कटेगा नाम अगर फॉर्म नहीं भरा!

Sat Nov 8 , 2025
महिदपुर कॉलेज में छात्रों को SIR प्रक्रिया की खास जानकारी महिदपुर, अग्निपथ। मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी संबंध में शासकीय महाविद्यालय में एसडीएम अजय हिंगे और तहसीलदार संतुष्टि पाल ने कॉलेज के छात्रों को SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के […]

Breaking News