धार,अग्निपथ। धार पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के कुख्यात सरगना रमेश चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। टांडा पुलिस की गिरफ्त में आया यह आरोपी लूट, डकैती और नकबजनी जैसी 81 गंभीर वारदातों में शामिल रहा है। आरोपी रमेश न केवल वारदातों को अंजाम देता था, बल्कि चोरी का माल खरीदने-बेचने और अन्य बदमाशों को संरक्षण देने का काम भी करता था। इसकी तलाश मध्य प्रदेश सहित देश के 8 राज्यों की पुलिस को लंबे समय से थी।
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी के निर्देशन और आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 4 फरवरी 2026 को टांडा थाना प्रभारी संजय कुमार रावत को मुखबिर से सूचना मिली कि कुख्यात डकैत रमेश चौहान अपने गांव पीपलदलिया आया हुआ है और वहां किसी गिरोह से चोरी का माल खरीदने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाई।
जैसे ही टांडा पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने गांव और जंगल के संभावित ठिकानों पर घेराबंदी की, आरोपी रमेश पुलिस को देखते ही कपास के खेत की ओर भागने लगा। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान रमेश पिता नरसिंह चौहान निवासी पीपलदलिया के रूप में उजागर की। रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह धार के तिरला थाने सहित कई अन्य जिलों और राज्यों में दर्जनों स्थाई वारंटों में फरार चल रहा था।
पकड़ा गया आरोपी रमेश चौहान एक शातिर अपराधी है, जिसकी कुंडली खंगालने पर पुलिस भी हैरान रह गई। वह मध्य प्रदेश के धार, खरगोन, इंदौर और खंडवा के अलावा कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में संपत्ति संबंधी 81 अपराधों में वांटेड था। इस महत्वपूर्ण कामयाबी में थाना प्रभारी संजय कुमार रावत, उप निरीक्षक भूपेंद्र खरतिया, योगेंद्र मावी, रामदास सोलंकी और उनकी पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
