प्रियंक मिश्रा भोपाल के नए कलेक्टर नियुक्त, राजीव रंजन मीना संभालेंगे धार की कमान

धार, अग्निपथ। मध्य प्रदेश शासन ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ी सर्जरी करते हुए धार सहित कई जिलों के कलेक्टरों के तबादले कर दिए हैं। इस फेरबदल के तहत धार कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को अब राजधानी भोपाल के कलेक्टर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, 2012 बैच के अनुभवी आईएएस अधिकारी राजीव रंजन मीना को धार जिले का नया मुखिया (कलेक्ट) नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस आदेश के बाद प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

धार को मिले नए मुखिया

धार की कमान संभालने जा रहे आईएएस राजीव रंजन मीना वर्तमान में भोपाल में संस्थागत वित्त के संचालक के पद पर कार्यरत थे, साथ ही उनके पास बजट विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी था। अपनी कार्यकुशलता और तकनीकी समझ के लिए पहचाने जाने वाले मीना के सामने धार जिले की महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं और औद्योगिक बेल्ट की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की चुनौती रहेगी।

प्रियंक मिश्रा का यादगार कार्यकाल

2013 बैच के आईएएस प्रियंक मिश्रा का धार में कार्यकाल काफी लंबा और प्रभावी रहा। अपने शांत स्वभाव और आम जनता से सीधे संवाद की कार्यशैली के कारण उन्होंने जिले के नागरिकों के बीच अपनी एक खास पहचान बनाई। जिले के विकास कार्यों के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यशैली को धार की जनता हमेशा याद रखेगी। मिश्रा अब प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली भोपाल कलेक्टरेट की कमान संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि भोपाल के निवर्तमान कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह को अब मुख्यमंत्री का सचिव बनाया गया है।

26 आईएएस अधिकारियों की सूची जारी

मुख्य सचिव अनुराग जैन के हस्ताक्षर से जारी इस फेरबदल सूची में कुल 26 वरिष्ठ अधिकारियों के नाम शामिल हैं। शासन द्वारा जारी इस प्रशासनिक बदलाव में भोपाल और धार के अलावा रीवा, शिवपुरी, उमरिया, शाजापुर, सिवनी और झाबुआ जैसे महत्वपूर्ण जिलों के कलेक्टरों को भी बदला गया है। चुनाव के बाद राज्य में इसे अब तक का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है।

Next Post

दूर का युद्ध, पास का संकट: पीथमपुर की रफ्तार पर ब्रेक, हजारों परिवारों की रोजी-रोटी पर मंडराया खतरा

Fri Apr 10 , 2026
धार, अग्निपथ। हजारों किलोमीटर दूर अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ता अंतरराष्ट्रीय तनाव अब मध्य प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक केंद्र पीथमपुर की धड़कनों को थामने लगा है। जो युद्ध अब तक केवल टीवी स्क्रीन और खबरों तक सीमित था, उसका जमीनी असर अब फैक्ट्री की मशीनों की खामोशी […]
nagda aluminium factory me chori 05 03 22

Breaking News