उज्जैन, अग्निपथ। चिंतामन थाना क्षेत्र स्थित राजाराम रिसोर्ट के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
घर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शांति नगर निवासी जितेंद्र उर्फ बाबू (पिता चैनसिंह) मिस्त्री का काम करता था। बुधवार रात करीब 8.45 बजे वह अपने दोस्तों सतीश और राहुल के साथ बाइक पर सवार होकर चिंतामन रोड से अपने घर लौट रहा था। तीनों राजाराम रिसोर्ट के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक के चालक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल में कराया भर्ती
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत चरक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि बाइक सतीश की थी और वही गाड़ी चला रहा था। जितेंद्र बाइक पर सबसे पीछे बैठा हुआ था, जिसके कारण उसे सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं और उसकी जान चली गई। वहीं सतीश और राहुल का इलाज जारी है। नीलगंगा पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाबे से लौट रहे युवा वकील की खेत में मिली लाश, क्षेत्र में फैली सनसनी
उज्जैन, अग्निपथ। चिंतामन थाना क्षेत्र में एक युवा वकील का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत के पास मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक रात में ढाबे से खाना खाकर अपने घर लौट रहा था, लेकिन वह रास्ते से लापता हो गया और देर रात उसकी लाश सड़क किनारे पड़ी मिली। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की पड़ताल में जुट गई है।
रात को घर के लिए निकला था युवक
पुलिस के अनुसार चिंतामन जवासिया निवासी करण (पिता गोपाल ठाकुर) ने हाल ही में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की थी और वह कोर्ट में वकालत की प्रैक्टिस कर रहा था। बुधवार रात वह चंदूखेड़ी स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गया हुआ था। खाना खाने के बाद रात करीब 10.30 बजे वह अपनी स्कूटर से अकेले घर के लिए रवाना हुआ था। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा मौत का कारण
देर रात परिजनों को सूचना मिली कि चंदूखेड़ी स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खेत में करण का शव और उसकी स्कूटर पड़ी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवाया। परिजनों का कहना है कि करण के शरीर पर किसी गंभीर चोट या दुर्घटना के स्पष्ट निशान नहीं दिखे हैं, जिससे हादसे की संभावना कम प्रतीत होती है। आशंका जताई जा रही है कि असंतुलित होकर गिरने से उसे अंदरूनी चोट लगी होगी। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

